इबोला वायरस से 220 मौतें, DGCA ने जारी की नई गाइडलाइन, छत्तीसगढ़ में हाई अलर्ट

 Ebola virus kills 220, DGCA issues new guidelines, Chhattisgarh on high alert new delhi hindi news khabargali

नई दिल्ली ( ख़बरगली)  अफ्रीकी देशों डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो युगांडा और दक्षिण सूडान में इबोला वायरस के बढ़ते मामलों ने दुनिया भर की चिंता बढ़ा दी है। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए भारत सरकार ने देश भर में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। हालांकि, राहत की बात यह है कि भारत में अब तक इबोला का एक भी मामला सामने नहीं आया है, लेकिन सरकार एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह चौकस कर रही है।

फोर्ब्स की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, अफ्रीकी स्वास्थ्य अधिकारियों ने इस आउटब्रेक को लेकर गहरा अफसोस और गंभीर चिंता जताई है। अफ्रीका सीडीसी (Africa CDC) के महानिदेशक डॉ. जीन कासेया ने स्वास्थ्य नेताओं की एक बैठक में कड़ा रुख अपनाते हुए चेतावनी दी, "यह बहुत ज्यादा है (This is too much)। हम और अधिक अफ्रीकियों की मौत बर्दाश्त नहीं कर सकते।"

वहीं, विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के महानिदेशक टेड्रोस घेब्रेयेसस ने बताया कि इबोला से मरने वालों की संख्या बढ़कर 220 हो गई है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, "फिलहाल, महामारी हमारे नियंत्रण से बाहर है।" हालात की गंभीरता को देखते हुए डब्ल्यूएचओ के प्रमुख खुद व्यक्तिगत रूप से कांगो (DRC) की यात्रा पर जा रहे हैं। अब 11 अफ्रीकी देशों को जोखिम में माना जा रहा है और विश्व स्वास्थ्य संगठन के अधिकारियों ने अंतरराष्ट्रीय सहयोग का आह्वान करते हुए आगाह किया कि "कोई भी एक देश अकेले इस तरह के प्रकोप का सामना नहीं कर सकता है।"

एयरपोर्ट्स पर कड़ाई और अंतरराष्ट्रीय प्रोटोकॉल

इस वैश्विक खतरे को देखते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के निर्देश पर देश के सभी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। स्वास्थ्य अधिकारियों और एयरपोर्ट हेल्थ ऑर्गनाइजेशन (APHO) को अलर्ट पर रखा गया है। अंतरराष्ट्रीय नियमों के अनुसार, यदि उड़ान के दौरान किसी यात्री में इबोला जैसे गंभीर लक्षण (बुखार, कमजोरी, उल्टी या ब्लीडिंग) दिखते हैं, तो एयरलाइंस अंतरराष्ट्रीय मानकों (WHO और IATA प्रोटोकॉल) के तहत मरीज के आस-पास की सीटों को सुरक्षित दूरी पर रखती हैं और लैंडिंग के बाद विमान को निर्धारित आइसोलेशन बे में पार्क कर पूरी तरह सैनिटाइज किया जाता है।

छत्तीसगढ़ में हाई अलर्ट

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य विभाग ने रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर इबोला को लेकर विशेष गाइडलाइंस और एडवायजरी जारी की है। प्रशासन ने एयरपोर्ट अथॉरिटी को अंतरराष्ट्रीय और कनेक्टिंग फ्लाइट्स से आने वाले यात्रियों पर कड़ी नजर रखने और किसी भी संदिग्ध लक्षण वाले यात्री की तुरंत रिपोर्ट करने के निर्देश दिए हैं।