राजस्थान (खबरगली) कोटा शहर के जवाहर नगर थाना क्षेत्र में शनिवार शाम करीब 8:45 बजे एक निर्माणाधीन दो मंजिला बिल्डिंग अचानक भरभराकर गिर गई। घटना के समय बिल्डिंग में एक रेस्टोरेंट संचालित हो रहा था, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मौके पर मौजूद लोगों और स्थानीय निवासियों ने मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने की तुरंत कोशिश की। शुरुआती राहत कार्य में करीब 5-6 लोग मलबे से सुरक्षित बाहर निकाले गए और उन्हें कोटा मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जिनमें से दो बच्चों की स्थिति गंभीर बताई गई है।
पुलिस, राहत दल और एंबुलेंस मौके पर तुरंत पहुंच गई। मलबे में और लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है, जबकि रेस्क्यू टीम मलबा हटाकर फंसे लोगों को निकालने का प्रयास कर रही है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि रेस्क्यू के लिए आवश्यक क्रेन लगभग डेढ़ घंटे की देरी से पहुंची, जिससे बचाव कार्य की रफ्तार धीमी हुई। इसके बावजूद पुलिस और राहत दल ने पूरी मेहनत से बचाव कार्य जारी रखा। पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा किया और आम लोगों की आवाजाही रोक दी।
घटना स्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी राहत और बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। हादसे के समय बिल्डिंग में करीब 10-12 कर्मचारी और कई ग्राहक मौजूद थे। बिल्डिंग का निर्माण लगभग पूरा हो चुका था और आगे का काम जारी था। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, इस हादसे में लगभग 20 बच्चों के मलबे में दबे होने की खबर है। अधिकारियों ने कहा कि फिलहाल मलबे में कितने लोग फंसे हैं, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।
बचाव अभियान जारी है और राहत कार्य में तेजी लाने के लिए अतिरिक्त उपकरण भेजे जा रहे हैं। मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें लगातार मलबा हटाने और फंसे लोगों को बाहर निकालने में लगी हुई हैं। प्रशासन ने भी प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत और मेडिकल सहायता मुहैया कराई है।
- Log in to post comments