कवर्धा में कर्फ़्यू जारी, भाजपा नेताओं को शहर में घुसने से पुलिस ने रोका

Curfew in Kawardha, controversy over planting flags, Vishwa Hindu Parishad, Navratri festival, Chief Minister Bhupesh Baghel, Ajay Chandrakar, Shivratan Sharma, IG Vivekanand Sinha, Chhattisgarh, Khabargali

छोटी सी घटना को बड़ा रूप देने की साजिश हुई है, हम शांति व्यवस्था को बिगडऩे नहीं देंगे : मुख्यमंत्री

कवर्धा / रायपुर (khabargali) झंडे लगाने के विवाद से शुरू हुए दंगाई हंगामे ने कवर्धा जिले में नवरात्रि के पहले दिन कवर्धा की सडक़ों पर सन्नाटा पसरा दिया है। शहर में धारा 144 के साथ-साथ कर्फ़्यू भी लगाया गया है। पुलिस ने 70 लोगों को कल देर रात तक गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य उपद्रवियों की पहचान के लिए वीडियो फुटेज खंगाले जा रहे हैं। संभवत: आज और गिरफ्तारियां बढ़ सकती हैं। क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने आज कर्फ़्यू में ढील देने से साफ मना कर दिया है। आगे का निर्णय स्थिति को देखते हुए लिया जाएगा। दूसरी ओर विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता उपद्रव के दौरान हुए लाठीचार्ज का विरोध कर रहे हैं। पहले की स्थिति को देखते हुए प्रशासन कोई भी कोताही बरतने के मूड में नहीं है। ऐसे में पुलिस की कोशिश होगी कि भीड़ जमा नहीं होने पाए। इसके चलते कार्यकर्ता अलग-अलग थानों में जाकर गिरफ्तारियां देंगे।

नवरात्रि पर सिर्फ 7 जगह मूर्ति स्थापना

गुरुवार से शुरू हुए नवरात्रि उत्सव पर भी दंगों का साया पड़ गया है। जिले के सभी बाजार और दुकानें बंद हैं। हर साल 25 से ज्यादा जगहों पर दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित होती थीं। इस बार सिर्फ 7 स्थानों पर प्रशासन की ओर से अनुमति दी गई है। इनमें गुप्ता मोहल्ला, जनपद ऑफिस के सामने, करपात्रि चौक, यूनियन चौक, ठाकुर पारा, बहादुरगंज वार्ड और कैलाश नगर शामिल हैं। प्रतिमाओं के साथ सिर्फ 3 लोग ही आ सकते हैं। उसके लिए पहले पास बनवाना होगा।

मंदिरों में जलेंगे ज्योति कलश, लेकिन आमजन को अनुमति नहीं

जिला प्रशासन ने नवरात्रि को देखते हुए मंदिर समितियों और दुर्गा पूजा समितियों को सशर्त छूट दी है। इसके बाद मंदिरों और पांडालों में कलश स्थापना और दीप प्रज्वलन हो सकेगा, लेकिन आमजन और श्रद्धालुओं को जाने की अनुमति नहीं होगी। समिति के पदाधिकारी 24 घंटे रह सकेंगे, पर उनके नाम के साथ पहले अनुमति लेनी होगी।

राशन किराना की होम डिलीवरी होगी

होम डिलीवरी के लिए प्रशासन ने 14 राशन किराना और 6 थोक किराना दुकानदारों पर सहमति दी है। इनकी सूची, नाम-पते और नंबर के साथ जारी की गई है। मंदिर समिति संबंधित दुकानदारों से सीधे संपर्क कर सामान ले सकती हैं। दुकानदारों को प्रशासन की ओर से पास जारी किया गया है।

हम शांति व्यवस्था को बिगडऩे नहीं देंगे : मुख्यमंत्री

कवर्धा में छोटी सी घटना को बड़ा रूप देने की साजिश की गई है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि जल्द ही इस घटना जा सच सबके सामने आ जाएगा। उन्होंने कहा कि एक-दो दिन में वे खुद इसकी जानकारी सभी लोगों के साथ साझा करेंगे। मुख्यमंत्री निवास पर गुरुवार को आयोजित पत्रकारवार्ता के दौरान एक सवाल के जवाब में बघेल ने कहा कि हमारा प्रदेश शांति प्रिय है। यहां इस तरह की घटना को कतई बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। भाजपा के प्रतिनिधि मंडल को वहां जाने से रोके जाने के सवाल पर बघेल ने कहा कि हम शांति व्यवस्था को बिगडऩे देना नहीं चाहते।

भाजपा नेताओं को शहर के अंदर घुसने से रोका

कवर्धा जा रहे पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर, शिवरतन शर्मा एवं दूसरे भाजपा नेताओं को शहर के अंदर घुसने से पुलिस ने रोक दिया है। इसके विरोध में नेता सड़क पर ही धरने पर बैठ गए हैं। अजय चंद्राकर ने कहा कि आईजी विवेकानंद सिन्हा यहां कांग्रेस नेताओं जैसा बर्ताव कर रहे हैं। हम उनके खिलाफ कवर्धा थाने शिकायत करने जाएंगे। साथ ही हमारे कार्यकर्ताओं की जो गलत तरीके से गिरफ्तारी की गई है उसके विरोध में हम भी गिरफ्तारी देने आए हैं, लेकिन हमें शहर में प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा।

Category