सुप्रीम कोर्ट के फैसले कांग्रेस में खुशी की लहर..जानें राहुल - प्रियंका और मुख्यमंत्री बघेल ने क्या कहा

Wave of happiness in Congress due to relief in Rahul Modi surname matter, Rahul Gandhi, Priyanka, Chief Minister Baghel, khabargali

कांग्रेस ने लोकसभा स्पीकर से की सदस्यता बहाल करने की मांग

नई दिल्ली /रायपुर (khabargali) मोदी सरनेम मामले में राहुल गांधी की सजा पर सुप्रीम कोर्ट द्वारा रोक लगाए जाने पर देशभर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है। उच्चतम न्यायालय से राहत मिलने के बाद शुक्रवार को राहुल गांधी पार्टी मुख्यालय पहुंचे, जहां कार्यकर्ताओं ने उनके समर्थन में जमकर नारेबाजी की और जश्न मनाया। राहुल गांधी के कांग्रेस मुख्यालय ‘24 अकबर रोड’ पहुंचने पर उनके साथ उनकी बहन औेर पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा और कांग्रेस के संगठन महासचिव के. सी. वेणुगोपाल भी मौजूद थे।कार्यकर्ताओं ने ढोल बजाकर और झंडे लहराकर जश्न मनाया।

कोर्ट के इस फैसले पर राहुल गांधी ने ट्वीट किया है. उन्होंने कहा, "चाहे कुछ भी हो, मेरा कर्तव्य वही रहेगा। भारत के विचार की रक्षा करना।"

अदालत के फैसले पर ये बोली प्रियंका गांधी

 कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने भगवान बुद्ध को उद्धृत करते हुए कहा, ‘तीन चीजों को लंबे समय तक छिपाया नहीं जा सकता: सूर्य, चंद्रमा और सत्य।’ उन्होंने कहा, ‘माननीय उच्चतम न्यायालय को न्यायपूर्ण फैसला देने के लिए धन्यवाद। सत्यमेव जयते।’

अधीर रंजन ने लोकसभा अध्यक्ष से राहुल की सदस्यता पर मिले

कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने शुक्रवार को लोकसभा अध्यक्ष से मिलकर राहुल गांधी की सदस्यता बहाल करने का आग्रह किया। बिरला से मुलाकात के बाद चौधरी ने यह भी कहा कि उच्चतम न्यायालय से राहुल गांधी को राहत मिलना सच्चाई की जीत है। उन्होंने कहा, ‘हम चाहते हैं कि लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर राहुल गांधी बोलें।’ चौधरी ने पीठासीन सभापति राजेंद्र अग्रवाल के समक्ष यह मांग उठाई। अग्रवाल ने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष इस पर संज्ञान लेंगे।

छत्तीसगढ़ में भी शीर्ष नेताओं ने खुशी व्यक्त की

इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी अपनी खुशी व्यक्त करते हुए अपने आफिशियल ट्वीटर हैंडल से ट्वीट करते हुए लिखा कि अंधकार चाहे भारी हो और समंदर पार हो, सदा उजाला विजित हुआ है, अगर सत्य आधार हो। सीएम ने कहा, राहुल गांधी की सजा पर रोक का सर्वोच्च न्यायालय के फैसले का भारत स्वागत करता है। सत्यमेव जयते!

यह इंडिया की जीत है। छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्री मोहन मरकाम ने भी राहुल गांधी के लिए ट्वीट कर अपनी खुशी जताते हुए लिखा है यह नफरत के खिलाफ मोहब्बत की जीत है। सत्यमेव जयते - जय हिंद। इसके अलावा छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भी ट्वीट कर कहा लिखा कि सत्यमेव जयते नानृतम् सत्येन पन्था विततो देवयान:। सत्य ही जीतता है, असत्य कभी नहीं। सत्य पर चलने वाले के साथ दैवीय शक्तियां साथ चलती हैं।