प्रयागराज (खबरगली) प्रदेश में तेज आंधी, बारिश, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली ने भारी तबाही मचा दी है। पिछले 24 घंटों में राज्य के 26 जिलों में खराब मौसम से 111 लोगों की मौत हो गई, जबकि 72 लोग घायल बताए गए हैं। इसके अलावा 170 पशुओं की मौत और 227 मकानों के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आई है।
सबसे ज्यादा जनहानि प्रयागराज में दर्ज की गई, जहां 21 लोगों की मौत हुई। इसके अलावा मिर्जापुर में 19, भदोही में 16 और फतेहपुर में 11 लोगों की जान गई। कई इलाकों में पेड़ उखड़ गए, बिजली के खंभे गिर गए और ग्रामीण क्षेत्रों में फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचा है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्रीयोगी आदित्यनाथ ने सभी मंडलायुक्तों और जिलाधिकारियों को प्रभावित परिवारों को 24 घंटे के भीतर सहायता राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
साथ ही प्रभारी मंत्रियों को प्रभावित जिलों का दौरा कर राहत कार्यों की निगरानी करने को कहा गया है। राहत आयुक्त डॉ. हृषिकेश भास्कर यशोद ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
राज्य आपदा हेल्पलाइन 1070 को सक्रिय रखा गया है और मौसम विभाग की चेतावनी के बाद करोड़ों लोगों को रेड और ऑरेंज अलर्ट संदेश भेजे गए
हैं।
- Log in to post comments