रायपुर (खबरगली) छत्तीसगढ़ की तीनों बिजली कंपनियों में सरकारी नौकरी पाने के लिए युवाओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। कुल 1501 पदों पर निकली भर्ती के लिए अब तक डेढ़ लाख से अधिक अभ्यर्थी आवेदन कर चुके हैं। इनमें डाटा एंट्री ऑपरेटर के पदों को लेकर सबसे ज्यादा प्रतिस्पर्धा है। इस पद के 609 रिक्तियों के लिए करीब 81 हजार आवेदन प्राप्त हुए हैं।
अभ्यर्थियों को आवेदन का अतिरिक्त अवसर देने के लिए पावर कंपनी प्रबंधन ने ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ा दी है। पहले आवेदन की अंतिम तिथि 26 नवंबर 2026 निर्धारित थी, जिसे बढ़ाकर अब 3 दिसंबर 2026 कर दिया गया है। इच्छुक उम्मीदवार 3 दिसंबर की रात 11:55 बजे तक ऑनलाइन आवेदन के साथ निर्धारित शुल्क भी जमा कर सकेंगे।
तीन बिजली कंपनियों में 1501 पदों पर होगी भर्ती
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी, पावर ट्रांसमिशन कंपनी और पावर जनरेशन कंपनी में भर्ती की प्रक्रिया शुरू की गई है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 1501 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें द्वितीय श्रेणी के 195 और तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के 1306 पद शामिल हैं। कुल 38 अलग-अलग तरह के पदों के लिए भर्ती की जाएगी।
3 दिसंबर तक कर सकेंगे आवेदन
पावर कंपनी प्रबंधन ने इच्छुक उम्मीदवारों से अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है। अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले भर्ती विज्ञापन में दी गई शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और अन्य पात्रता संबंधी शर्तों को ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी गई है। भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी और ऑनलाइन आवेदन की सुविधा पावर कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट cspc.co.in पर उपलब्ध है।
- Log in to post comments
