रायपुर (खबरगली) पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट एवं डीकेएस सुपरस्पेशियलिटी हॉस्पिटल के बर्न एंड प्लास्टिक सर्जरी विभाग और छत्तीसगढ़ एसोसिएशन ऑफ प्लास्टिक, रिकंस्ट्रक्टिव एंड एस्थेटिक सर्जन्स के संयुक्त तत्वावधान में ब्रेस्ट सर्जरी पर लाइव ऑपरेटिव वर्कशॉप एवं सीएमई का आयोजन किया गया। कार्यशाला का विषय ब्रेस्ट रिडक्शन एवं ब्रेस्ट ऑगमेंटेशन था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. शिप्रा शर्मा और विशिष्ट अतिथि डॉ. हेमंत शर्मा रहे। मुख्य गेस्ट फैकल्टी के रूप में कोलकाता के प्रसिद्ध प्लास्टिक सर्जन डॉ. जयंता बैन ने लाइव सर्जरी का डेमोंस्ट्रेशन दिया। उन्होंने ब्रेस्ट रिडक्शन और ऑगमेंटेशन की नवीनतम तकनीक, केस सिलेक्शन, सर्जिकल प्लानिंग और मार्किंग के गुर साझा किए। विभागाध्यक्ष डॉ. दक्षेश शाह ने बताया कि छत्तीसगढ़ में इस तरह का यह पहला लाइव वर्कशॉप है।
इसकी सबसे खास बात यह रही कि जरूरतमंद 8 मरीजों की जांच और सर्जरी पूरी तरह निःशुल्क की गई। इससे आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को बड़ी राहत मिली। वर्कशॉप में छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों से आए करीब 35 प्लास्टिक सर्जनों ने हिस्सा लिया। सर्जनों ने ऑपरेशन थियेटर में प्रत्यक्ष रूप से सर्जरी देखी और एक्सपर्ट से संवाद किया। कार्यक्रम में डॉ. केएन. ध्रुव, डॉ. वीबी. दयाल, डॉ. नवीन खूबचंदानी, डॉ. प्रीति पांडे और डॉ. ईशांत अग्निहोत्री सहित अस्पताल की पूरी टीम का सहयोग रहा।
- Log in to post comments
