सीजीपीएससी ने सोशल मीडिया पर वायरल दावों को बताया भ्रामक, भाजपा बोली– अब कांग्रेस करे सार्वजनिक माफी
आयोग ने स्पष्ट किया- आवेदन में अभ्यर्थियों द्वारा दर्ज नामों के आधार पर ही पूरी भर्ती प्रक्रिया हुई
रायपुर (खबरगली ) छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) द्वारा सूबेदार/उप निरीक्षक संवर्ग/प्लाटून कमांडर परीक्षा-2024 के प्रारंभिक लिखित परीक्षा परिणाम को लेकर उठे विवाद पर आयोग के आधिकारिक स्पष्टीकरण के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता उज्ज्वल दीपक ने कहा कि सीजीपीएससी की आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति ने कांग्रेस द्वारा फैलाए गए कथित दुष्प्रचार की पोल खोल दी है। उन्होंने कांग्रेस से प्रदेश के युवाओं और अभ्यर्थियों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है।
भाजपा ने कहा- राजनीतिक आरोप नहीं, आयोग से मांगा था तथ्यात्मक स्पष्टीकरण
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता उज्ज्वल दीपक ने कहा कि परिणाम जारी होने के बाद कुछ असामान्य नाम सामने आने पर सामान्य अभ्यर्थियों की तरह उन्हें भी संदेह हुआ था। इसी कारण उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से सीजीपीएससी को टैग कर आयोग से तत्काल सार्वजनिक स्पष्टीकरण जारी करने का आग्रह किया था, ताकि अभ्यर्थियों के बीच किसी प्रकार का भ्रम न फैले। उन्होंने कहा कि भाजपा ने इस पूरे मामले में राजनीतिक लाभ लेने के बजाय पारदर्शिता और संस्थागत स्पष्टता की मांग की थी। अब आयोग ने अधिकृत प्रेस विज्ञप्ति जारी कर साफ कर दिया है कि जिन नामों को लेकर सोशल मीडिया पर भ्रम फैलाया जा रहा था, वे अभ्यर्थियों द्वारा ऑनलाइन आवेदन में स्वयं दर्ज किए गए वास्तविक नाम हैं और पूरी चयन प्रक्रिया उन्हीं के आधार पर संपन्न हुई है।
आयोग के स्पष्टीकरण के बाद घोटाले के आरोप निराधार
उज्ज्वल दीपक ने कहा कि आयोग के आधिकारिक स्पष्टीकरण के बाद भर्ती प्रक्रिया में घोटाले या किसी प्रकार की हेरफेर के लगाए जा रहे आरोप स्वतः ही निराधार साबित हो गए हैं। उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्था द्वारा तथ्य स्पष्ट किए जाने के बाद भी भ्रामक प्रचार जारी रखना लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है।
कांग्रेस पर युवाओं को गुमराह करने का आरोप
भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने आयोग का पक्ष सामने आने से पहले ही अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इस मुद्दे को राजनीतिक रंग देने का प्रयास किया और युवाओं के बीच भ्रम की स्थिति पैदा की। उन्होंने कहा कि अब जबकि सीजीपीएससी ने पूरे मामले पर अपना आधिकारिक पक्ष स्पष्ट कर दिया है, कांग्रेस को अपनी भ्रामक पोस्ट हटाकर प्रदेश के युवाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।
'तथ्य सामने आने के बाद झूठे नैरेटिव पर अड़े रहना राजनीतिक अवसरवाद'
उज्ज्वल दीपक ने कहा कि लोकतंत्र में सवाल पूछना पूरी तरह उचित है, लेकिन जब संवैधानिक संस्था सभी तथ्य स्पष्ट कर दे, तब भी झूठे नैरेटिव पर अड़े रहना केवल राजनीतिक अवसरवाद को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि बिना आधार के संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठाना युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने जैसा है।
युवाओं से भाजपा की अपील
भाजपा ने प्रदेश के युवाओं से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित अपुष्ट और भ्रामक सूचनाओं पर भरोसा करने के बजाय केवल अधिकृत और आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त जानकारी पर ही विश्वास करें। पार्टी ने कहा कि किसी भी भर्ती प्रक्रिया में यदि संदेह उत्पन्न होता है तो उसका पारदर्शी समाधान होना चाहिए, लेकिन राजनीतिक लाभ के लिए भ्रम फैलाना उचित नहीं है।
नोट: यह समाचार संबंधित राजनीतिक दल द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति पर आधारित है। इसमें किए गए दावे संबंधित पक्ष के हैं।
- Log in to post comments