छत्तीसगढ़ बीजेपी प्रभारी डी पुरंदेश्वरी का बड़ा बयान- चेहरा नहीं, विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ेंगे

National Co-Organization General Secretary Shivprakash, State In-charge D Purandeshwari, Co-in-Charge Nitin Naveen, State Headquarters Kushabhau Thackeray Complex, Raipur, Khabargali

कांग्रेस ने राज्य के बीजेपी नेताओं के लिए बताया दुर्भाग्यजनक और अपमानजनक

रायपुर (khabargali) रायपुर। छत्तीसगढ़ में बीजेपी अभी से मिशन 2023 के लिए जुट गई है। शनिवार को रायपुर में शुरू हुई छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा के मोर्चा व संगठनों की दो दिवसीय मैराथन बैठक आज रविवार को भी जारी रही। राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश प्रभारी डी पुरंदेश्वरी और सह प्रभारी नितिन नवीन की मौजूदगी में प्रदेश मुख्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में मोर्चा-प्रकोष्ठों के साथ-साथ अलग-अलग बनाए गए विभागों के कामकाज की समीक्षा की। समाचार की इन पंक्तियों के लिखे जाने तक भाजपा कोर ग्रुप की बैठक चल रही है।

प्रदेश प्रभारी डी पुरंदेश्वरी ने रायपुर भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में पत्रकारों ने उनसे कई सवाल किए ।

प्रदेश में इस बार सीएम का चेहरा किसका होगा?

इस सवाल के जवाब में डी पुरंदेश्वरी ने कहा कि हम डेवलपमेंट के मुद्दे पर चुनाव लड़ेंगे। 2023 का चेहरा कौन होगा, ये हम पार्टी स्तर पर तय करेंगे। डी पुरंदेश्वरी का दिया गया ये बयान अब डॉ. रमन सिंह के दोबारा मुख्यमंत्री पद की दावेदारी पर तरह-तरह की आशंकाओं को जन्म दे गया है।

महंगाई और पेट्रोल को लेकर कांग्रेस के प्रदर्शन पर यह कहा

महंगाई के मुद्दे पर कांग्रेस प्रदेश में लगातार प्रदर्शन कर रही है। पेट्रोल के बढ़े हुए दामों की वजह से केंद्र सरकार को घेरने की सियासी कोशिश हो रही है। इस सवाल के जवाब में डी पुरंदेश्वरी ने कहा कि पेट्रोल के दामों में राज्य जो एक्साइज ड्यूटी लगाता है, उसे क्यों कम नहीं कर देती इससे पेट्रोल सस्ता हो जाएगा। अपने हिस्से का टैक्स कम करके कांग्रेस सरकार जनता को राहत क्यों नहीं देती।

मोदी कैबिनेट में छत्तीसगढ़ से किसी को जगह नहीं मिली पर यह बयान दिया

केंद्र में मोदी कैबिनेट का विस्तार हुआ छत्तीसगढ़ से किसी को जगह नहीं मिली, इस सवाल के जवाब में डी पुरंदेश्वरी ने कहा कि राज्य से मंत्री होगा तभी राज्य को फायदा मिलेगा ये सोच ठीक नहीं। छत्तीसगढ़ के साथ केंद्र की सरकार कभी अन्याय नहीं करती। यहां जो तय फंड हैं मिलते हैं यहां किसानों को जो फायदा देना है केंद्र की सरकार देती है।

डी पुरंदेश्वरी ने इन मुद्दों पर भी सरकार पर साधा निशाना

प्रेस कांफ्रेंस में छत्तीसगढ़ बीजेपी की प्रदेश प्रभारी डी पुरंदेश्वरी ने कांग्रेस सरकार पर भी जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि जो खुद अपने पार्टी के सहयोगी के साथ न्याय नहीं कर सकते, वह दूसरों के साथ कैसे न्याय कर पाएंगे। पी.एल. पुनिया ने कहा था ढाई साल बाद नेतृत्व बदलेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। डी पुरंदेश्वरी ने कहा कि चुनाव के दौरान युवाओं को रोज़गार देने का वादा किया था, लेकिन भूपेश सरकार ने वादाखिलाफ़ी की. युवाओं को रोज़गार नहीं दिया। गरीबों के साथ भूपेश सरकार ने धोखा किया।

कांग्रेस ने राज्य के बीजेपी नेताओं के लिए बताया दुर्भाग्यजनक और अपमानजनक

डी पुरंदेश्वरी के बयान पर कांग्रेस की प्रतिक्रिया भी सामने आ गई है। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा कि पुरंदेश्वरी का बयान राज्य के बीजेपी नेताओं पर सवालियां निशान खड़े किए हैं। राज्य के बीजेपी नेताओं के लिए दुर्भाग्यजनक और अपमानजनक है। बीजेपी का केंद्रीय नेतृत्व छत्तीसगढ़ में किसी नेता को इस योग्य मानता ही नहीं है, कि उसे कमान दे या फिर मंत्री बनाया जाए। डी पुरंदेश्वरी का प्रदेश के नेताओं पर आविश्वास बहुत ही दुख और चिंता का विषय है। बीजेपी के राष्ट्रीय नेतृत्व के छत्तीसगढ़ के प्रति नजरिए को स्पष्ट उजागार करता है।