जांजगीर-चांपा (khabargali) छत्तीसगढ़ के जांजगीर जिले के चांपा की बहु चेतना तिवारी (29) ने मिसेज इंडिया 2023 खिताब जीतकर प्रदेश का नाम रोशन कर दिया है। चांपा निवासी राजेश तिवारी व अनिता तिवारी की पुत्रवधु चेतना जोशी तिवारी पति निलेश तिवारी ने इस खिताब को हासिल करने के लिए काफी मेहनत की थी। मूलत: इंदौर में पली-बढ़ी और चांपा में निलेश तिवारी से ब्याही गईं चेतना अपनी मेहनत, धैर्य और लगन के चलते इस मुकाम पर पहुंची हैं।
श्रीलंका के कोलंबो में 13 जुलाई से मिसेज इंडिया इंक प्रतियोगिता के चौथे सीजन का आगाज हुआ था। बुधवार, 19 जुलाई को इसका ग्रैंड फिनाले आयोजित किया गया, इस प्रतियोगिता में देशभर से गए 75 प्रतिभागियों को पीछे छोड़ते हुए मिसेज इंडिया 2023 का क्राउन चेतना जोशी तिवारी ने अपनी शख्सियत, अपने जज्बे और अपनी अदाओं से तमाम जजों का दिल जीत ताज अपने सिर पर सजाया।
बता दें कि बॉलीवुड एक्ट्रेस मलाइका अरोड़ा भी प्रतियोगिता में बतौर जज शामिल हुई थीं। मलाइका ने समारोह में चेतना जोशी की जमकर तारीफ भी की। इस प्रतियोगिता में दिशा गणेश शेट्टी ने फर्स्ट रनर-अप का खिताब हासिल किया, सोहिनी रोहना ने प्रतियोगिता में दूसरा स्थान अर्जित किया, नितिका सत्या को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ तो वहीं रूही मरजारा ने प्रतियोगिता में चौथा स्थान हासिल करने की उपलब्धि हासिल की।
बहुमुखी प्रतिभाशाली हैं चेतना
मिसेज चेतना पारंपरिक पारिवारिक पृष्ठभूमि से आती हैं और उन्होंने समाज में अपनी जगह बनाने के लिए बहुत लंबे समय तक संघर्ष किया है। वह बाल शिक्षा और महिला सशक्तिकरण के लिए काम करने वाली एक सामाजिक कार्यकर्ता और एंटरप्रिन्यौर हैं। चेतना जोशी तिवारी इंदौर की रहने वाली हैं और उनकी ससुराल छत्तीसगढ़ के चांपा में है। वो एक कामयाब बिजनेसवुमन होने के साथ ही एक अंतरराष्ट्रीय योग ट्रेनर भी हैं। वह लोगों को योग की ट्रेनिंग देती हैं और एक बेहतरीन शिक्षिका भी हैं। वे आराध्यम योग स्टूडियो की संस्थापक हैं। पिछले 7 वर्षों से समाज के लोगों को बेहतर तरीके से योग की सेवा दे रही है। उन्होंने सिंगापुर, भारत, संयुक्त अरब अमीरात, यूएसए, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया और ब्रिटेन में लोगों के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन कार्यशालाएं आयोजित की हैं। चेतना एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर भी हैं और रोडीज शो में भी वह नजर आ चुकी हैं।
- Log in to post comments