केरल (खबरगली) कांग्रेस नेता वीडी सतीशन केरलम के सीएम होंगे। कांग्रेस ने गुरुवार को राज्य के चुनाव नतीजे घोषित होने के 10 दिन बाद इसका ऐलान किया। सतीशन पारावूर सीट से विधायक हैं। केरलम में मुख्यमंत्री पद के लिए तीन नाम केसी वेणुगोपाल, रमेश चेन्नीथला और वी डी सतीशन का नाम चल रहा था। कांग्रेस आलाकमान ने सतीशन के नाम पर मुहर लगाई।
कौन हैं वीडी सतीशन
वीडी सतीशन का पूरा नाम वडास्सेरी दामोदरन सतीशन है। उनका जन्म 31 मई, 1964 को कोच्चि के नेट्टूर इलाके में हुआ था। वह छात्र राजनीति से निकलकर विधानसभा तक पहुंचे हैं। सतीशन पिछले बीस सालों से ज्यादा समय से केरल की राजनीति में सक्रिय हैं। साल 2001 से वह लगातार पारावूर विधानसभा सीट से चुनाव जीतते आ रहे हैं। 2021 के चुनाव के बाद उन्हें विपक्ष का नेता बनाया गया था और अब वह राज्य की सत्ता संभालने जा रहे हैं। वीडी सतीशन की पत्नी का नाम आर लक्ष्मीप्रिया है और उनकी एक बेटी भी है। उनके करीबी बताते हैं कि, वह स्वभाव से शांत हैं लेकिन उनकी रणनीतिक सोच बहुत गहरी है।
कितने पढ़े लिखे हैं सतीशन
वीडी सतीशन की पढ़ाई-लिखाई का रिकॉर्ड बहुत शानदार है। उन्होंने अपनी शुरुआती पढ़ाई पनंगड हाई स्कूल से पूरी की। इसके बाद उन्होंने सेक्रेड हार्ट कॉलेज से ग्रेजुएशन किया। उन्होंने सोशल वर्क में मास्टर डिग्री भी हासिल की है। इसके बाद उन्होंने कानून की पढ़ाई की और एलएलबी तथा एलएलएम की डिग्री पूरी की। राजनीति में कदम रखने से पहले सतीशन ने करीब दस साल तक केरल हाईकोर्ट में एक सफल वकील के रूप में काम किया। उन्हें केरल कांग्रेस के सबसे ज्यादा पढ़े लिखे नेताओं में गिना जाता है।
छात्र राजनीति से शुरू हुआ सफर
सतीशन ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत कॉलेज के दिनों से की थी। साल 1986 से 1987 के बीच वह महात्मा गांधी यूनिवर्सिटी यूनियन के अध्यक्ष रहे। इसके बाद उन्होंने एनएसयूआई में भी अहम जिम्मेदारी निभाई। हालांकि उनकी राजनीतिक शुरुआत इतनी आसान नहीं थी। साल 1996 में उन्होंने अपना पहला चुनाव लड़ा था लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
उस समय पारावूर सीट वामपंथियों का मजबूत गढ़ हुआ करती थी। लेकिन साल 2001 में उन्होंने शानदार वापसी की और पहली बार विधायक चुने गए। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। सतीशन 2001 से लेकर 2026 तक लगातार पारावूर सीट से जीत दर्ज कर चुके हैं।
- Log in to post comments