नगर निगम रायपुर: 6 जनवरी को होगा महापौर, स्पीकर का निर्वाचन

Nagar nigam raipur

कलेक्टर की अध्यक्षता में होगा रायपुर निगम का प्रथम सम्मेलन, महापौर-स्पीकर और अपील समिति के सदस्यों का निर्वाचन होगा 

रायपुर (khabargali) नगर निगम रायपुर के लिए महापौर व स्पीकर के नाम को लेकर राजधानी में भारी गहमा- गहमी मची है। लोग इन पदों के लिए चुने जाने वाले नामें को लेकर अपने- अपने हिसाब से कयास लगा रहे हैं । आपको बता दे कि कल 6 जनवरी को राजधानीवासियों का इंतजार खत्म हो जाएगा। नगर पालिक निगम कार्यालय रायपुर मेें कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डाॅ. भारतीदासन की अध्यक्षता में नगर पालिका निगम के प्रथम सम्मेलन का आयोजन किया गया है। यह सम्मेलन नगर पालिक निगम रायपुर कार्यालय (व्हाईट हाउस) के चतुर्थ तल स्थित सभाकक्ष में होगा। इसमें सबसे पहले सुबह 10.30 बजे से पीठासीन अधिकारी के रूप में कलेक्टर पार्षदगणों को शपथ दिलाएंगे। इसके बाद 12.30 बजे से महापौर, स्पीकर एवं अपील समिति के सदस्यों के निर्वाचन की कार्रवाई पूरी की जाएगी। आयुक्त नगर पालिका निगम शिव अनंत तायल ने इसके लिए नगर निगम रायपुर के सभी निर्वाचित पार्षदों को उपस्थित होने के लिए सूचित किया है तथा निर्वाचन कार्यक्रम के संबंध में सूचना दी है।

4 बजे तक आ जाएंगे सभी पदों के लिए नाम सामने

6 जनवरी को दोपहर 12:30 बजे महापौर, स्पीकर पद हेतु आरक्षण की सूचना का प्रकाशन, कर निर्वाचन की जानकारी दी जाएगी। इसके तत्काल बाद महापौर पद हेतु नाम निर्देशन पत्र दोपहर 12.30 से 1.30 बजे तक प्राप्त किया जाएगा। नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा कर सही पाए गए नाम निर्देशित अभ्यर्थियों के नाम का प्रकाशक दोपहर 1.30 बजे किया जाएगा। अभ्यर्थितता दो बजे तक वापस ली जा सकेगी। आवश्यक होने पर मतदान दोपहर 2.30 बजे से 3.30 बजे तक किया जाएगा। इसके उपरांत परिणाम की घोषणा की जाएगी। इसी तरह अध्यक्ष (स्पीकर) पद हेतु नाम निर्देशन पत्र अपरान्ह 4 बजे से 4.30 बजे तक प्राप्त किया जाएगा। नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा के उपरांत अभ्यर्थियों के नाम का प्रकाशन 4.30 बजे तक किया जाएगा। अभ्यर्थी अपरान्ह 4.45 बजे तक नाम वापस ले सकते हैं। इसके पश्चात आवश्यक होने पर अपरान्ह 5.00 बजे से 6.00 बजे तक मतदान किया जाएगा और 6.00 बजे से मतगणना कर परिणाम की घोषणा की जाएगी। अपील सदस्यों के निर्वाचन हेतु नाम निर्देशन पत्र अपरान्ह 4 बजे से 4.30 बजे तक प्राप्त किए जाएगी। नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा के उपरांत नाम का प्रकाशन 4.30 बजे से किया जाएगा। अभ्यर्थी अपरान्ह 4.45 बजे तक नाम वापस ले सकते हैं। इसके पश्चात आवश्यक होने पर अपरान्ह 5.00 बजे से 6.00 बजे तक मतदान किया जाएगा और मतदान के पश्चात तथा स्पीकर पद की मतगणना की समाप्ति के उपरांत मतगणना की जाएगी। इसके उपरांत परिणाम की घोषणा की जाएगी।

Category