नहीं रहे कैप्टन वरुण सिंह, सीडीएस स्व.रावत के साथ चॉपर दुर्घटना में घायल हुए थे

Group Captain Varun Singh, passed away, CDS Late Gen Bipin Rawat, Helicopter Accident, Indian Air Force, Army Hospital, Wellington, Khabargali

8 दिन से जिंदगी की जंग लड़ रहे थे

 नई दिल्ली (khabargali) सीडीएस स्व.जनरल बिपिन रावत के साथ हेलिकॉप्टर हादसे में एक मात्र जिंदा बचे और गंभीर रूप से घायल हुए ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह का भी बुधवार को निधन हो गया। इंडियन एयरफोर्स ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। एयरफोर्स ने कहा कि ग्रुप कैप्टन वरुण ने गंभीर चोटों की वजह से दम तोड़ दिया। तमिलनाडु के कुन्नूर में 8 दिसंबर को हेलिकॉप्टर हादसे में घायल होने के बाद पहले उन्हें वेलिंगटन के आर्मी अस्पताल में भर्ती किया गया था। बाद में उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेंगलुरु शिफ्ट किया गया था। वे 8 दिन से जिंदगी की जंग लड़ रहे थे।

तीनों सेनाओं से जुड़ा है परिवार

गैलेंट्री अवॉर्ड विनर ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह सैन्य परिवार से आते हैं। उत्तर प्रदेश के वेलिंगटन के आर्मी अस्पताल निवासी वरुण सिंह का परिवार तीनों सेनाओं से जुड़ा है- आर्मी, नेवी और एयरफोर्स। ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह इंडियन एयरफोर्स से थे। उनके पिता रिटायर्ड कर्नल केपी सिंह आर्मी एयर डिफेंस की रेजिमेंट में थे। कर्नल केपी सिंह के दूसरे बेटे और ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह के छोटे भाई लेफ्टिनेंट कमांडर तनुज सिंह इंडियन नेवी में हैं। वरुण का परिवार इन दिनों भोपाल में रहता है।

इसी साल शौर्य चक्र से सम्मानित हुए थे

देवरिया (उत्तर प्रदेश) के रहने वाले ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह को इसी साल स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शौर्य चक्र से सम्मानित किया था। उन्हें यह अवॉर्ड फ्लाइंग कंट्रोल सिस्टम खराब होने के बाद भी 10 हजार फीट की ऊंचाई से तेजस विमान की सफल लैंडिंग कराने पर दिया था। वरुण ने आपदा के समय धैर्य नहीं खोया और आबादी से दूर ले जाकर विमान की सफल लैंडिंग कराई थी। इस काम के लिए उन्हें शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया था। वरुण सिंह के परिवार में पत्नी और एक बेटा-बेटी है। उन्हें सीडीएस बिपिन रावत को रिसीव करने के लिए प्रोटोकॉल ऑफिसर बनाया गया था। वरुण ने चंडीगढ़ के चंडी मंदिर स्कूल से 12वीं तक की पढ़ाई पूरी की। 2004 में उनका एनडीए में सिलेक्शन हो गया।

20 साल पहले भोपाल शिफ्ट हो गया था परिवार

ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह के पिता कर्नल केपी सिंह और मां उमा सिंह भोपाल में रहते हैं। 20 साल पहले वरुण का परिवार भोपाल शिफ्ट हो गया था। वहीं उनका मकान भी बना हुआ है। वरुण के पिता केपी सिंह अपनी पत्नी उमा सिंह के साथ वहीं रहते हैं। वरुण सिंह अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ वेलिंगटन में रहते थे।