गरीबों की शिक्षा-इलाज से लेकर रामायण मंडलियों तक… सांसद बृजमोहन का संवेदनशील सहयोग
रायपुर (खबरगली ) रायपुर सांसद और वरिष्ठ भाजपा नेता श्री बृजमोहन अग्रवाल ने जनसेवा और सांस्कृतिक संरक्षण की अपनी अटूट प्रतिबद्धता को दोहराते हुए शनिवार को 200 हितग्राहियों को सहायता राशि के चेक वितरित किए। "नर सेवा ही नारायण सेवा" के ध्येय वाक्य के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षा, स्वास्थ्य और लोक संस्कृति के संवर्धन के लिए कुल 20 लाख रुपए की अनुदान राशि प्रदान की गई।
धन के अभाव में न रुके पढ़ाई और इलाज
इस अवसर पर सांसद श्री अग्रवाल ने भावुक होते हुए कहा, "मेरा प्रयास है कि धन के अभाव में न तो किसी युवा की शिक्षा रुके और न ही किसी बीमार का इलाज रुके।" उन्होंने शिक्षा और स्वास्थ्य को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए व्यक्तिगत रुचि लेकर जरूरतमंदों की सूची तैयार करवाई। इस अनुदान का सीधा उद्देश्य उन गरीब परिवारों को संबल देना है जो विपरीत परिस्थितियों के कारण अपने बच्चों को पढ़ाने या अपनों का इलाज कराने में असमर्थ महसूस कर रहे थे।
लोक संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना का सम्मान
छत्तीसगढ़ की पारंपरिक धरोहर को सहेजने के लिए श्री अग्रवाल ने रामायण मंडली, भजन मंडली और जसगीत मंडलियों को भी संस्थागत अनुदान प्रदान किया। सांस्कृतिक मंडलियों को वाद्य यंत्र और अन्य आवश्यक सामग्री के लिए वित्तीय सहायता दी गई। श्री अग्रवाल ने कहा कि ये मंडलियाँ समाज में नैतिक मूल्यों और आध्यात्मिक चेतना का संचार करती हैं, इसलिए इनका संरक्षण आवश्यक है।
सर्वधर्म समभाव की झलक
सहायता पाने वाले 200 हितग्राहियों में युवा, महिलाएं और बुजुर्ग शामिल थे। खास बात यह रही कि इस मदद का लाभ सभी धर्मों और वर्गों के जरूरतमंद लोगों को मिला, जो सांसद की सर्वसमावेशी राजनीति की झलक पेश करता है।
- Log in to post comments