नया रायपुर के सरकारी स्कूल में लगेगी संगीत कॉलेज की कक्षाएं, पहले दो विद्यार्थियों से शुरू हुई प्रक्रिया में अब छह ने लिया प्रवेश

Music college classes to be held at a government school in Naya Raipur; enrollment has now risen to six students, up from the initial two.  Latest news hindi news khabargali

रायपुर(खबरगली) नया रायपुर में शुरू होने जा रहे नवीन संगीत महाविद्यालय के लिए आखिरकार अस्थायी परिसर तय कर लिया गया है। पत्रिका में महाविद्यालय की प्रवेश प्रक्रिया शुरू होने के बावजूद कक्षाओं के लिए जगह तय नहीं होने की खबर प्रकाशित होने के बाद अब इसका समाधान हो गया है। महाविद्यालय की प्रारंभिक कक्षाएं नया रायपुर के सेक्टर 25 स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में संचालित की जाएंगी। स्थायी भवन तैयार होने तक यहीं से महाविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियां संचालित करने की तैयारी है।

महाविद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया को भी आगे बढ़ाया गया है। आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 19 सितंबर कर दी गई है। तारीख बढऩे के बाद विद्यार्थियों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। शुरुआत में महाविद्यालय में केवल दो विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया था, जबकि अब यह संख्या बढक़र छह हो गई है। आवेदन के लिए अतिरिक्त समय मिलने से विद्यार्थियों की संख्या और बढऩे की उम्मीद है।

तीन विधाओं में शुरू होगी पढ़ाई

नवीन संगीत महाविद्यालय में चार वर्षीय बैचलर ऑफ परफॉर्मिंग आर्ट्स (बीपीए) पाठ्यक्रम संचालित किया जाएगा। पहले सत्र में शास्त्रीय गायन (हिंदुस्तानी), कथक नृत्य और लोक संगीत में प्रवेश दिया जा रहा है। महाविद्यालय खैरागढ़ स्थित इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय से संबद्ध है।

अस्थायी परिसर में जल्द शुरू होंगी कक्षाएं

स्थायी भवन बनने में समय लगने के कारण शुरुआत में अस्थायी परिसर से पढ़ाई शुरू करने का निर्णय लिया गया है। सेक्टर 25 स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में कक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्था की जाएगी। नियमित पदों पर नियुक्तियां होने तक अतिथि व्याख्याताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को पढ़ाया जाएगा।

Category