पीएफ धारकों के लिए बड़ी खुशखबरी : खाते में आया ब्याज का पैसा

Great news for PF holders: Interest money has been credited to the account, know how to check the balance?, Khabargali

जानें कैसे चेक कर सकते हैं बैलेंस?

नई दिल्ली (खबरगली) कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (पीएफ) ने वित्त वर्ष 2024-25 के लिए घोषित 8.25% ब्याज को अपने लगभग 97% सदस्यों के खातों में जमा कर दिया है। यह जानकारी केंद्रीय श्रम मंत्री मनसुख मंडाविया ने दी। 8 जुलाई तक 13.86 लाख प्रतिष्ठानों के 32.39 करोड़ सदस्य खातों में ब्याज जमा किया जा चुका है। कर्मचारी भविष्य निधि ने एक स्वागत योग्य कदम उठाते हुए वित्त मंत्रालय द्वारा ब्याज दर अधिसूचित किए जाने के दो महीने से भी कम समय में लगभग सभी सदस्य खातों में वर्ष 2024-25 के लिए ब्याज जमा कर दिया है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष 33.56 करोड़ सदस्य खातों वाले 13.88 लाख प्रतिष्ठानों के लिए वार्षिक खाता अपडेट किया जाना था। 8 जुलाई तक 13.86 लाख प्रतिष्ठानों के 32.39 करोड़ सदस्य खातों में ब्याज जमा किया जा चुका था।

एक आधिकारिक सूत्र ने कहा, इसका मतलब है कि 99.9% प्रतिष्ठानों और 96.51% सदस्य खातों के लिए वार्षिक खाता अपडेट पूरा हो गया है। शेष सभी खातों में ब्याज जमा किया जाएगा और यह काम इस सप्ताह पूरा हो जाएगा। 4000 करोड़ रुपये डिपॉजिट- 2024-25 के लिए, पीएफ ने फरवरी 2025 में 8.25% की ब्याज दर की घोषणा की थी। इसे 22 मई को वित्त मंत्रालय द्वारा आधिकारिक रूप से मंजूरी दी गई थी। करीब 4,000 करोड़ रुपये की धनराशि सदस्यों के पीएफ जमा पर ब्याज के रूप में उनके खातों में जमा किए जा रहे हैं।

पिछले साल दिसंबर में जमा हुआ था ब्याज

 यह कदम पिछले साल से एकदम अलग है, जब सदस्यों के अकाउंट्स में भविष्य निधि जमा पर ब्याज जमा करने में वित्त मंत्रालय द्वारा मंजूरी मिलने के बाद भी महीनों लग जाते थे। पिछले वित्त वर्ष में भी सदस्यों के खातों में ब्याज जमा करने की प्रक्रिया अगस्त में शुरू हुई थी और दिसंबर में पूरी हुई थी। सूत्रों ने बताया कि ब्याज डिपॉजिट करने के सिस्­टम को अब तेजी से प्रोसेस किया गया है, जिस कारण पूरी प्रक्रिया तेजी से पूरी हुई है।

28 फरवरी को हुआ था ब्याज का ऐलान

 गौरतल­ब है कि 28 फरवरी को वित्त वर्ष 2024-25 के लिए पीएफ के ब्याज का ऐलान हुआ था जिसके तहत सरकार ने 8.25 प्रतिशत की ब्याज दर को बरकरार रखने का फैसला किया था। इसके बाद 24 मई को वित्त मंत्रालय की ओर से मंजूरी दी गई थी। अब सरकार ने ईपीएफ का ब्याज खाते में भेज दिया है।

ऐसे चेक कर सकते हैं बैलेंस?

1. मिस्ड कॉल के जरिए बैलेंस चेक कर सकते हैं।

2. पीएफ के साथ रजिस्टर्ड अपने मोबाइल नंबर से 011-22901406 पर मिस्ड कॉल करें।

3. उमंग ऐप से भी बैलेंस की जांच कर सकते हैं।

4. वेबसाइट से भी आप बैलेंस जान सकते हैं।

5. रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से EPFOHO UAN टाइप करें। 7738299899 पर एसएमएस भेजें।