स्वाइन फ्लू की रफ्तार तेज, एक साथ मिले 10 नए मरीज 115 पहुंचा आंकड़ा

Swine flu cases surge; 10 new patients detected at once, taking the total count to 115. raipur hindi news khabargali

रायपुर (खबरगली)  छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू H1N1 का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश में 10 नए संक्रमित मरीज सामने आए हैं। इसके साथ ही स्वाइन फ्लू के कुल मामलों की संख्या 105 से बढ़कर 115 हो गई है, जबकि एक्टिव मरीजों का आंकड़ा भी 18 से बढ़कर 28 पहुंच गया है। स्वाइन फ्लू का संक्रमण अब नए इलाकों में भी पैर पसार रहा है। बालोदाबाजार-भाटापारा, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और उत्तर बस्तर कांकेर जैसे जिलों में भी संक्रमण के मामले सामने आए हैं। नए मामलों में लगातार हो रही बढ़ोतरी ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है।

रायपुर में 3 नए मरीज एक्टिव केस 9 हुए

राजधानी रायपुर में पिछले 24 घंटे में 3 नए मरीज मिलने के बाद जिले में स्वाइन फ्लू संक्रमितों की संख्या 51 से बढ़कर 54 हो गई है। वहीं सक्रिय मरीजों की संख्या भी 6 से बढ़कर 9 पहुंच गई है। राजधानी में मरीजों की संख्या बढ़ने के साथ ही स्वास्थ्य विभाग लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दे रहा है। विभाग ने अपील की है कि सर्दी, खांसी, बुखार, गले में खराश, बदन दर्द या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण दिखाई देने पर इसे सामान्य फ्लू मानकर नजरअंदाज न करें। लक्षण गंभीर होने पर चिकित्सकीय सलाह लें और आवश्यकता पड़ने पर जांच कराएं।

दुर्ग में 3 नए मरीज मिले

दुर्ग जिले में भी स्वाइन फ्लू के 3 नए मरीज सामने आए हैं। इसके बाद जिले में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 13 हो गई है। इनमें से 4 मरीज डिस्चार्ज हो चुके हैं, जबकि 2 मरीज होम आइसोलेशन में रहकर उपचार ले रहे हैं। जिले के 7 मरीजों का अस्पतालों में उपचार चल रहा है। इनमें रायपुर के एम्स, एनएचएमएमआई और रामकृष्ण केयर अस्पताल के अलावा भिलाई के हाईटेक और बीएम शाह अस्पताल में भर्ती मरीज शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग अस्पतालों में भर्ती मरीजों की स्थिति की लगातार निगरानी कर रहा है।

बिलासपुर में भी बढ़ी चिंता 13 मामले सामने आए

बिलासपुर में स्वाइन फ्लू के कुल मामले बढ़कर 13 हो गए हैं। इनमें से 3 मरीज स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं, जबकि मरीजों का उपचार जारी है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार 11 मरीजों का उपचार अपोलो अस्पताल में चल रहा है। मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सिम्स में 8 बिस्तरों का आइसोलेशन वार्ड तैयार किया है। इसके साथ ही वेंटिलेटर की व्यवस्था भी तैयार रखी गई है, ताकि किसी मरीज की स्थिति गंभीर होने पर तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सके। सिम्स में डॉक्टरों की 24 घंटे ड्यूटी लगाई गई है। 

Category

Other News