रायगढ़ (खबरगली ) महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। लगातार हो रही भारी बारिश और बाढ़ के कारण HPCL के एलपीजी बॉटलिंग प्लांट में पानी भर गया, जिससे वहां रखे करीब 3,000 LPG सिलेंडर बहकर पातालगंगा नदी में चले गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में सिलेंडर नदी के तेज बहाव में तैरते नजर आ रहे हैं।
नदी में सिलेंडर देख जुटी लोगों की भीड़
वीडियो सामने आने के बाद कई लोग नदी किनारे पहुंच गए। कुछ लोग पानी में उतरकर बहते सिलेंडरों को बाहर निकालते और अपने साथ ले जाते भी दिखाई दिए। यह नजारा देखकर हर कोई हैरान रह गया। हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसा करना बेहद खतरनाक हो सकता है। जानकारी के मुताबिक बाढ़ का पानी HPCL के बॉटलिंग प्लांट में घुस गया था। पानी का बहाव इतना तेज था कि प्लांट में रखे हजारों सिलेंडर बह गए। इनमें भरे हुए और खाली दोनों प्रकार के LPG Cylinders शामिल बताए जा रहे हैं। प्रशासन अब नदी और आसपास के इलाकों में बहकर पहुंचे सिलेंडरों की तलाश कर रहा है।
प्रशासन ने की अपील
घटना के बाद प्रशासन और संबंधित अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि यदि उन्हें नदी या आसपास के किसी इलाके में कोई LPG सिलेंडर दिखाई दे तो उसे बिल्कुल भी न छुएं और न ही अपने कब्जे में लेने की कोशिश करें। अधिकारियों का कहना है कि कई सिलेंडरों में अभी भी गैस भरी हो सकती है, जिससे रिसाव या विस्फोट का खतरा बना हुआ है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
नदी में हजारों सिलेंडरों के बहने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि LPG Cylinders तेज बहाव के साथ नदी में तैर रहे हैं, जबकि कुछ लोग उन्हें निकालने की कोशिश कर रहे हैं। इस घटना ने बाढ़ के दौरान औद्योगिक सुरक्षा और आपदा प्रबंधन को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
जांच में जुटा प्रशासन
फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है। साथ ही नदी में बह गए सभी सिलेंडरों को सुरक्षित तरीके से वापस लाने का अभियान भी चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध सिलेंडर की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें।
- Log in to post comments