दुर्ग (खबरगली) छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में स्कूली बच्चों के नशे की चपेट में आने का गंभीर मामला सामने आया है। शिक्षा मंत्री के गृह जिले में हुई इस घटना ने स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा और नशीले पदार्थों की पहुंच को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
दुर्ग के पंचशील नगर स्थित शासकीय चंद्रशेखर आजाद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में कथित तौर पर प्रतिबंधित दवा खाने से 8 बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। घटना के बाद स्कूल प्रबंधन, परिजन और प्रशासन में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, स्कूल में पढ़ने वाले 10वीं कक्षा के एक छात्र ने अपने ही साथ पढ़ने वाले कुछ बच्चों को चॉकलेट बताकर प्रतिबंधित दवा खिला दी। दवा खाने के कुछ समय बाद बच्चों की हालत बिगड़ने लगी। कई बच्चों ने चक्कर आने, कमजोरी, बेहोशी और शरीर में अकड़न जैसी शिकायतें कीं। अचानक बच्चों की तबीयत खराब होने से स्कूल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्कूल प्रबंधन ने बच्चों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। परिजनों को सूचना दी गई, जिसके बाद बड़ी संख्या में अभिभावक अस्पताल पहुंचे।
- Log in to post comments