मुर्गीघर में घुसा 10 फीट का अजगर, 8 मुर्गों को बनाया निवाला, मची अफरा-तफरी

 10-foot python enters poultry coop, devours 8 chickens; chaos ensues. Hindi news latest news kanker news khabargali

पखांजूर (खबरगली) ग्राम पंचायत रामकृष्णापुर के केके-32 गांव में रविवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब करीब 8 से 10 फीट लंबा विशालकाय अजगर एक ग्रामीण के मुर्गीघर में घुस गया। अजगर ने मुर्गीघर में मौजूद आठ मुर्गों को अपना निवाला बना लिया। मुर्गीघर के भीतर से लगातार हलचल और मुर्गों की आवाज सुनकर मालिक को संदेह हुआ। उसने अंदर झांककर देखा तो विशाल अजगर को देखकर उसके होश उड़ गए। अजगर के मुर्गीघर में घुसने की खबर कुछ ही देर में पूरे गांव में फैल गई। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। 

ग्रामीणों ने दिखाई सूझबूझ 

ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए अजगर को मुर्गीघर के भीतर ही सुरक्षित तरीके से कैद कर दिया और इसकी सूचना वन विभाग तथा डायल 112 को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम के साथ स्थानीय स्नेक कैचर धीरेन्द्र मंडल मौके पर पहुंचे। टीम ने काफी सावधानी के साथ अजगर का रेस्क्यू किया। इसके बाद उसे खैरकट्टा के घने जंगल की ऊंची पहाड़ी में सुरक्षित छोड़ दिया गया।

आसपास की जा रही सघन जांच

अजगर को जंगल में छोड़े जाने के बाद भी ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों को आशंका है कि अजगर का जोड़ा या अन्य सांप आसपास की झाड़ियों और खेतों में छिपे हो सकते हैं। इससे छोटे बच्चों और पालतू पशुओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। ग्रामीणों की मांग पर वन विभाग की टीम और स्थानीय लोगों ने आसपास के इलाके में सघन जांच की।

Category