रायपुर (खबरगली) प्रदेश में प्री मानसून की दस्तक के साथ ही मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। जहां एक ओर बारिश ने भीषण गर्मी से राहत दी है, वहीं प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हुई प्राकृतिक आपदाओं ने चार जिंदगियां छीन ली हैं। आकाशीय बिजली गिरने और आंधी-तूफान के कारण हुए इन हादसों से पूरे राज्य में शोक की लहर दौड़ गई है। अंतागढ़ के कलगांव पंचायत में शुक्रवार को हुए एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर दिया।
मनरेगा के तहत सामुदायिक तालाब निर्माण कार्य में जुटे 60 से अधिक ग्रामीण अचानक आई बारिश से बचने के लिए पेड़ों के नीचे खड़े थे। तभी एक जोरदार धमाके के साथ आकाशीय बिजली कुसुम के पेड़ पर गिरी, जिसकी चपेट में आकर ग्राम के उपसरपंच मनराज पटेल, संतोष पटेल और प्रकाश पटेल की मौके पर ही मौत हो गई।
इस हादसे में पांच अन्य ग्रामीण राजबत्ती, शारदा, तुलसी, सरिता यादव और रामेश्वरी घायल हो गए। घटनास्थल जंगल के भीतर और दुर्गम होने के कारण घायलों को ट्रैक्टर से गांव तक लाया गया, जिसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। क्षेत्र के सांसद भोजराज नाग ने अस्पताल पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और प्रशासन को त्वरित राहत व मुआवजा देने के निर्देश दिए। पहली बारिश के साथ आई इन दुखद घटनाओं ने प्रशासन और आम जनता के सामने प्राकृतिक आपदाओं से बचाव के लिए अधिक सतर्कता बरतने की चुनौती पेश कर दी है। मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा है और स्थानीय प्रशासन अब राहत कार्यों एवं मुआवजे की प्रक्रिया में जुट गया है।
कोरबा में पेड़ गिरने से ग्रामीण की मौत
इधर, कोरबा जिले के लेमरू थाना क्षेत्र में तेज आंधी और बारिश ने एक और परिवार उजाड़ दिया। लेमरू निवासी 54 वर्षीय शिवरतन मांझी अपनी पत्नी सुशीला बाई (50) के साथ जंगल में खोई हुई बकरी की तलाश में गए थे। वापस लौटते समय अचानक आई तेज आंधी और बारिश के दौरान एक विशाल पेड़ उनके ऊपर गिर गया। इस दुर्घटना में शिवरतन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी सुशीला बाई घायल हो गईं। सुशीला ने हिम्मत जुटाकर गांव पहुंचकर लोगों को सूचना दी, जिसके बाद ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे।
मानसून की आहट और मौसम विभाग की चेतावनी
प्रदेश भर में पिछले 24 घंटों के दौरान हुई बारिश से तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। रायपुर में एक घंटे के भीतर 37.8 मिमी वर्षा हुई, जबकि बरमकेला, नारायणपुर, नगरी, सरोना और अन्य कई क्षेत्रों में जमकर पानी गिरा। मौसम विभाग के अनुसार, मानसून अगले 2-3 दिनों में पूरे प्रदेश में सक्रिय हो जाएगा। विभाग ने आने वाले 5 दिनों तक व्यापक बारिश और तेज अंधड़ की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
- Log in to post comments