28 फरवरी को इंडोर स्टेडियम में गूंजेगी भक्ति की नई बीटस... सामाजिक चेतना मंच का अभिनव आयोजन
रायपुर (खबरगली ) राजधानी रायपुर अब एक ऐसी आधुनिक आध्यात्मिक क्रांति का गवाह बनने जा रही है, जो युवाओं को भक्ति के एक नए और ऊर्जावान स्वरूप से रूबरू कराएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 'मन की बात' में सराहे गए “भजन क्लबिंग” के विचार को साकार करते हुए 28 फरवरी 2026 को रायपुर के इंडोर स्टेडियम में एक भव्य आयोजन होने जा रहा है। सामाजिक चेतना मंच द्वारा यह अभिनव भक्तिमय आयोजन होने जा रहा है। आज छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इस ऐतिहासिक आयोजन के पोस्टर का विमोचन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि ऐसे नवाचार युवाओं को अपनी संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं।
आयोजन के मुख्य आकर्षण
विश्वविख्यात 'Madhavas Rock Band' अपनी सिग्नेचर रॉक और फ्यूजन शैली में भक्ति संगीत की प्रस्तुति देगा।
इस्कॉन (ISKCON) का साथ: इस्कॉन की कीर्तन मंडलियों द्वारा सामूहिक संकीर्तन किया जाएगा, जिससे पूरा वातावरण कृष्णमय होगा। युवाओं, कलाकारों एवं भजन मंडलियों की व्यापक सहभागिता से भक्ति और उत्सव का दिव्य संगम होगा।
फूलों की होली: कार्यक्रम का विशेष आकर्षण 'फूलों की होली' होगी, जो उत्सव में दिव्यता का रंग घोलेगी।
नशा भक्ति का: इस 'क्लबिंग' की अवधारणा भौतिक नशे के बजाय भक्ति, सकारात्मकता और संगीत के आनंद पर आधारित है।
सामाजिक चेतना मंच के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम को संस्कृति एवं जनसंपर्क विभाग का विशेष सहयोग प्राप्त है। पोस्टर विमोचन के अवसर पर आशुतोष दुबे, अतुल श्रीवास्तव सहित आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
युवाओं को भक्ति से जोड़ने का एक अभिनव प्रयास : उज्ज्वल दीपक
कार्यक्रम के आयोजक उज्ज्वल दीपक ने कहा, “भजन क्लबिंग युवाओं को भक्ति से जोड़ने का एक अभिनव प्रयास है। हमारा उद्देश्य है कि युवा भक्ति को आधुनिक अंदाज़ में अनुभव करें और अपनी सांस्कृतिक जड़ों से गर्व के साथ जुड़ें। माननीय मुख्यमंत्री जी एवं राज्य शासन के सहयोग, ISKCON के आशीर्वाद और समाज के समर्थन से यह आयोजन युवाओं के लिए एक ऐतिहासिक आध्यात्मिक अनुभव बनेगा।” सामाजिक चेतना मंच ने प्रदेश के युवाओं, परिवारों और भक्ति-संगीत प्रेमियों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस भव्य और दिव्य आयोजन का हिस्सा बनें और भक्ति की इस नई ऊर्जा का अनुभव करें। यह आयोजन रायपुर के युवाओं के लिए भक्ति को अपनी आधुनिक अभिव्यक्ति के साथ जीने का एक अनूठा अवसर साबित होगा।
मीडिया संपर्क: अतुल श्रीवास्तव, सामाजिक चेतना मंच, 9893140004, रायपुर, छत्तीसगढ़
- Log in to post comments