रायपुर (खबरगली) शिक्षित-प्रशिक्षित युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग आगामी 7 व 8 अक्टूबर 2026 को रायपुर में दो दिवसीय राज्यस्तरीय रोजगार मेले का आयोजन कर रहा है। सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम, बूढ़ापारा में होने वाले इस मेले में अब तक 36 नियोजकों एवं प्लेसमेंट संस्थाओं से कुल 8,720 रिक्त पदों की जानकारी मिली है।
ई-रोजगार पोर्टल पर देखें रिक्त पद
इन रिक्तियों को ई-रोजगार पोर्टल पर प्रदर्शित किया गया है, जहां अभ्यर्थी अपनी योग्यतानुसार ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। मेले के दूसरे दिन 8 अक्टूबर को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मुख्य आतिथ्य एवं कौशल विकास व रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब की अध्यक्षता में चयनित युवाओं को ऑफर लेटर वितरित किए जाएंगे। रोजगार के अवसर मेन्युफेक्चरिंग, टेक्निकल, इंजीनियरिंग, ऑटोमोबाइल, सेल्स, बैंकिंग, कस्टमर सर्विस, हेल्थ एंड केयर सहित विविध क्षेत्रों में उपलब्ध हैं।
10वीं से पोस्ट ग्रेजुएशन तक युवा कर सकेंगे आवेदन
10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग और स्नातकोत्तर योग्यताधारी युवा आवेदन कर सकते हैं। कौशल विकास व रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि सरकार युवाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग के सचिव डॉ. बसवराजु एस. ने अधिकारियों को मेले का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश किए हैं।
- Log in to post comments
