विवेकानंद नगर में साध्वी चंदनबाला के चातुर्मासिक प्रवचन आज से

Sadhwi Chandan bala

 दादा जिनदत्त सूरि की स्वर्गारोहण जयंती आज, इसी के साथ प्रवचन श्रृंखला की भी शुरुआत 

 अगले चार माह तक रोज प्रवचन, चलेगा जप-तप और आराधनाओं का क्रम 

रायपुर ( khabargali )1 लाख 30 हजार नूतन जैन बनाने वाले दादा जिनदत्त सूरि की स्वर्गारोहण जयंती शुक्रवार को मनाई जाएगी। इसी के साथ विवेकानंद नगर स्थित श्री संभवनाथ जिनालय में चातुर्मासिक प्रवचन श्रृंखला की शुरुआत भी हो जाएगी। प. पू. विचक्षण ज्योति, प्रज्ञा भारती, महामांगलिक प्रदीत्री प्रविर्तिनी महोदया श्री चंद्रप्रभा श्रीजी मसा की विदूषी शिष्या प. पू. प्रखर व्याख्यात्री श्री चंद्रबाला श्रीजी आदि ठाणा की पावन निश्रा में यहां अगले चार माह जप-तप और अनुष्ठानों का क्रम चलेगा। 

श्री जैन श्वेतांबर मूर्तिपूजक समाज एवं चातुर्मास समिति के प्रचार प्रसार प्रमुख चंद्रप्रकाश ललवानी ने बताया कि शुक्रवार को जंगम युगप्रधान भट्टारक दादा गुरुदेव जिनदत्त सूरि की 865वीं स्वर्गारोहण जयंती पर जिनालय में गुणानुवाद सभा का आयोजन किया गया है। इस मौके पर दादा गुरुदेव की बड़ी पूजा की जाएगी। इसी के साथ नियमित प्रवचन का सिलसिला भी शुरू हो जाएगा। रोज सुबह 8.45 से 9.45 बजे तक साध्वियों के प्रवचन होंगे, जबकि सुबह 6 से 7 और दोपहर 2 से 3 बजे तक स्वाध्याय किया जाएगा। 15 जुलाई को आषाढ़ सुदि ग्यारस से चातुर्मास शुरू होगा । इस मौके पर सुबह 5.30 बजे से पौषधविधान और मोक्षदंड तप किया जाएगा। चातुर्मास के दौरान पुण्याश्रावक का सामायिक अभियान भी चलाया जाएगा। श्रावक वर्ग के लिए 100 और श्राविकाओं के लिए 250 सामायिक का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही लड़ी का अट्ठम और आयंबलि तप भी किए जाएंगे। हर शुक्रवार को मां पद्मावती की विशेष आराधना भी की जाएगी।

इन 9 साध्वियों का होगा चातुर्मास

  विवेकानंद जिनालय में 9 साध्वियों साध्वी विजयप्रभाश्रीजी, चंदनबालाश्रीजी, कुशलप्रज्ञाश्रीजी, सुज्येष्ठाश्रीजी, कैवल्यप्रभाश्रीजी, चिन्मयाश्रीजी, रत्ननिधिश्रीजी, पुण्यनिधिश्रीजी और प्रज्ञानिधिश्रीजी का चातुर्मास होगा। 

Category