छत्तीसगढ़ : कोहरा-बारिश-ठंड...मौसम विभाग ने किया ये अलर्ट

Chhattisgarh, fog, rain, cold, meteorological department, alert, Raipur, news, khabargali

यहां के स्कूलों में हुई छुट्टी की घोषणा

दो दिनों तक छाया रहेगा कोहरा, कई जेलो में हो सकती है बारिश

रायपुर (khabargali) राजधानी रायपुर समेत पूरे प्रदेश में पिछले दो दिनों से मौसम में बदलाव देखा जा रहा हैं। आज सुबह से ही हल्की- हल्की बारिश हो रही है। ऐसे लग रहा है की बरसात का मौसम आ गया है। शहर से लेकर गांव तक कोहरा छाया हुआ है। इसके चलते ठंड में बढ़ोतरी हो गई। ठंड के बीच लोग घर से रेन कोट और छाता लेकर निकल रहे हैं। मौसम विभाग ने इसकी जानकारी पहले ही दे दी थी। आने वाले 2 दिनों तक प्रदेश में मौसम का मिजाज ऐसा ही रहेगा, घना कोहरा के साथ कुछ क्षेत्रों में बारिश भी हो सकती। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी इससे ठंड और बढ़ेगी। बादल छंटने के बाद कड़ाके की ठंड पडऩा तय है।

लोग सुबह की बारिश व कोहरे की स्थिति को देखते हुए घर में ही रजाईयों में दुबक गए। रोजाना की दिनचर्या प्रभावित हुई है क्योंकि नलों से ठंडा पानी आ रहा है। बाजारों में भी इस मौसम का असर देखने मिल रहा है। नौकरीपेशा वाले जरूर नियमित काम के लिए निकले। शहर के कई इलाकों में बारिश के बीच बिजली बंद रहने से भी लोगों को परेशान होना पड़ा।

बता दें कि, मौसम विभाग ने कोहरे को लेकर कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक बंगाल की खाड़ी से चल रही ठंडी हवाओं के कारण ऐसी स्थिति बनी है। वहीं उत्तर से आने वाली ठंडी और शुष्क हवाओं से प्रदेश का तापमान और गिर गया है। उत्तर से आने वाली ठंडी हवाओं का असर सबसे ज्यादा प्रदेश के उत्तरी भाग में देखने को मिल रहा है। यहां जमकर ठंड पड़ रही है। बुधवार को बारिश होने से तापमान में गिरावट आई है। वहीं न्यूनतम तापमान में कोई खास गिरावट दर्ज नहीं की गई है।

यहां के स्कूलों में छुट्टी की घोषणा

छत्तीसगढ़ में सरगुजा में शीतलहरी का प्रकोप है। आलम यह है कि सरगुजा संभाग के अंबिकापुर, बलरामपुर में तापमान 8 डिग्री सेंटीग्रेड तक पहुंच गया है, वहीं कोहरे से लोगों का जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है। स्कूली बच्चे इससे काफी ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। ठंड के प्रकोप को देखते हुए बलरामपुर के बाद अब अंबिकापुर में भी स्कूलों में छुट्टी के आदेश दिया गये हैं। अंबिकापुर में 7 जनवरी तक छुट्टी के आदेश दिये गये हैं। कुंदन कुमार ने इस बाबत आदेश जारी कर दिया है।

Category