राष्ट्रीय अधिवेशन में प्रियंका ने कहा- देश को कांग्रेस से उम्मीद.. ‘गिले-शिकवे छोड़कर, मिलकर काम करें’

National Convention of Congress, Priyanka Gandhi Vadra Raipur, Chhattisgarh, Khabargali

प्रियंका ने दिया गुटबाजी खत्म करने का मंत्र

रायपुर (khabargali) कांग्रेस के तीन दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन के आखिरी दिन प्रियंका गांधी वाड्रा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। प्रियंका ने कार्यकर्ताओं को एकजुटता का मंत्र दिया। गिले-शिकवे छोड़कर मिलकर काम करने की सीख दी। उन्होंने कहा कि जो भी विचारधाराएं कांग्रेस के खिलाफ हैं वो एकजुट होकर साथ आएं। प्रियंका गांधी ने कहा, “चुनाव में एक साल बचे हैं...जितनी पार्टियां हैं, जिनकी विचारधारा इनसे (भाजपा) विपरीत है, उनसे उम्मीद है कि एकजुट होकर लड़े, लेकिन सबसे ज्यादा उम्मीद कांग्रेस से है।”

प्रियंका गांधी ने कहा- अपनी बात को जनता तक पहुंचाना हमारा काम है। इससे हमारी जीत होने से कोई नहीं रोक सकता। साथ ही उन्होंने राहुल गांधी की तारीफ में कहा कि कांग्रेस की विचारधारा की एक लंबी लकीर राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा के जरिए खींची है।

कहा, आज हमारे संगठन के सामने कई चुनौतियां हैं। उसी के लिए हम आज यहां खड़े हैं। आज पूरा देश हमारे साथ खड़ा है। प्रियंका गांधी ने कहा कि संगठन को लेकर कई चुनौतियां है जिनसे निपटना है और गांव-गांव तक जाकर लोगों से मिलना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि पार्टी का संदेश और सरकार की ‘विफलताओं’ को लोगों तक पहुंचाएं।

 प्रियंका गांधी ने कहा, दिनेश शर्मा कांग्रेस का कार्यकर्ता है, जो कन्याकुमारी से कश्मीर तक झंडा लेकर भारत जोड़ो यात्रा में नंगे पांव चला था। उसके पैर में छाले पड़ गए थे। इसके बावजूद पर लंबी यात्रा में चलता रहा। उन्हाेंने बताया, कश्मीर की महिलाओं ने यात्रा के दौरान कहा की वे तीन साल से घर से बाहर नहीं निकलीं। ऐसे में उनके दर्द को समझा जा सकता है। इन हालात के बीच लोगों में डर हटाना, हिम्मत देना हमारा काम है। इसलिए हम सभी को अपने आपसी गिले-शिकवे को छोड़कर साथ मिलकर काम करना है।

प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपने संबोधन में पीएम मोदी पर हमला बोला। उन्होंने कहा, किसानों की जमीन प्रधानमंत्री अपने दोस्तों को दे रहे हैं। उन्होंने पीएम से पूछा, बताइए किसानों के कर्ज माफ क्यों नहीं होते। लेकिन उद्योगपतियों के माफ कर रहे हैं। कहा, आज सभी पार्टी और लोग जो इनके विरोध में हैं। वो साथ मिलकर लड़ें क्योंकि हमारे पास एक साल का ही वक़्त है। लोगों को कांग्रेस से सबसे ज़्यादा उम्मीद है। इसलिए विकास, बेरोज़गारी चुनाव का मुद्दा होना चाहिए। हमें नकारात्मक नहीं बल्कि सकारात्मक सोच के साथ लड़ना होगा। इसी सोच के दम पर हम अपनी सरकार बनाएंगे।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि यह अच्छा है कि पार्टी नए संकल्प लेकर आई, लेकिन इन्हें धरातल पर लागू करना भी जरूरी है। कहा, हम अपने संगठन को मंडल और ब्लॉक स्तर तक ले जाना चाहते हैं, लेकिन यह केवल कागजों में नहीं होना चाहिए, और नेताओं को लोगों तक पहुंचना चाहिए और उन्हें बताना चाहिए कि कांग्रेस पार्टी आम लोगों के बारे में क्या सोचती है। कांग्रेस के प्रतिनिधियों को प्रत्येक घर में जाना चाहिए और हमारे कार्यक्रमों के बारे में बात करनी चाहिए ताकि लोगों को पता चले कि पार्टी उनके लिए क्या कर रही है। उन्होंने सरकार पर हमला किया और कहा कि कांग्रेस नेताओं के पीछे एजेंसियां हैं, अगर वे हमें दो दिनों के लिए पूछताछ के लिए बुलाते हैं तो कार्यकर्ताओं को महीनों तक जेल में रखा जाता है। पूर्ण सत्र के दौरान ईडी छत्तीसगढ़ में छापेमारी कर रही है।

Category