भाजपा सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के लक्ष्य के साथ कार्य कर रही है: डी पुरंदेश्वरी

Bharatiya Janata Party, Chhattisgarh, BJP service, good governance, poor welfare, D Purandeshwari, PM Modi, Vishnu Dev Sai, Dr. Raman Singh, Chhattisgarh, Khabargali

प्रदेश में लूट, डकैती, अपहरण उद्योग का रूप ले लिया है : साय

प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी कार्यशैली से विश्वपटल पर देश को गौरवान्वित किया: डॉ. रमन

रायपुर (khabargali) भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ परिसर में प्रदेश कार्यसमिति को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय महामंत्री व प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी ने कहा कि 30 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कुशल कार्यकाल का 8वां वर्ष पूरा हो रहा है। भाजपा 2014 के लोकसभा चुनाव में सबका साथ-सबका विकास के नारे के साथ जनता के बीच गई थी एवं 2019 के लोकसभा चुनाव में सबका साथ-सबका विकास, सबका विश्वास के साथ चुनाव में जनता ने हमें पुनः अपना समर्थन दिया। अब 2024 के लोकसभा चुनाव में भी जनता का पूर्ण समर्थन हमें मिलेगा। 2023 के विधानसभा चुनाव के लिए हम अभी से तैयार हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी की चुनौती में भाजपा कार्यकर्ताओं ने घर से बाहर निकलकर सेवा किया वहीं अन्य राजनीतिक दल अपने-अपने घरों में रहे। यही भाजपा को अन्य राजनीतिक दलों से अलग बनाता है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व के आह्वान पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के 8 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा जनता के बीच सेवा भाव के साथ जाएंगी।

भाजपा प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी ने कहा कि युवा मोर्चा विकास स्थलों से विधानसभा स्तर पर विकास तीर्थ बाइक रैली निकालेंगे व केन्द्र सरकार की उपलब्धियों का पाम्प्लेट बाटेंगे। पार्टी के सभी मोर्चा व प्रकोष्ठों को अलग-अलग जिम्मेदारी दी गई जिसे प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी निष्ठा के साथ पूर्ण करेंगे। बूथों को मजबूत करने के लिए जो कार्य विस्तार योजना प्रारंभ की गई है जिसमें पार्टी के बड़े नेता लगातार कार्यकर्ताओं से मिल रहे हैं। जिससे हमारे कार्यकर्ताओं के मन में भारी उत्साह है। हमारे कार्यकर्ता खुश है तो इससे हमारी पार्टी की मजबूती और भी बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के प्रति लोगों के मन भारी आक्रोश व नाराजगी है। उन्होंने कहा कि जनता को विश्वास दिलाना होगा कि भारतीय जनता पार्टी प्रदेश में बेहतर सरकार दे सकती है। प्रदेश सरकार के लाए काले कानून (भूपेश एक्ट) के विरोध में भाजपा का आंदोलन सफल रहा। जनता का हमें व्यापक समर्थन भी मिला है। प्रदेश के किसान लगातार खाद की कमी से, बारदाने की कमी, रकबा कटौती से लगातार परेशान है। हम किसानों के साथ है।

उन्होंने कहा कि हमें प्रदेश की कांग्रेस सरकार की हर गलत नीतियों एवं कार्यों का मुखरता से विरोध करना है। मानसून को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी किसानों से मन की बात करेंगे। इस कार्यक्रम में प्रत्येक कार्यकर्ता ज्यादा से ज्यादा किसानों सहित आमजन को मन की बात कार्यक्रम सुनने के लिए बूथों पर लेकर आएंगे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हम तेजी से विकास कि ओर बढ़ रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का शानदार एवं जानदार 8 साल 30 मई को पूरा हो रहा है। देश के पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव में 4 राज्यों में भाजपा ने पुनः सरकार बनाई है। वहां की जनता का प्रदेश भाजपा नेतृत्व ने पुनः विश्वास प्राप्त किया है। वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस की पंजाब से विदाई हुई साथ ही यूपी में 380 सीटों में कांग्रेस की जमानत जब्त हुई। उन्होंने कहा कि 2023 में प्रदेश की कांग्रेस सरकार की विदाई तय है। विधानसभा चुनाव के दौरान 36 घोषणा कर सत्ता में आई कांग्रेस साढ़े तीन साल बीत जाने के बाद भी अपने वादों को पूरा नहीं कर पाई है और अपने खिलाफ हो रहे विरोध को सहन नहीं कर पा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने गंगाजल हाथ में लेकर शराबबंदी का वादा किया था, मंडी टैक्स हटाने का वादा किया था, बेरोजगार युवाओं को बेरोजगारी भत्ता देने का वादा किया था लेकिन सत्ता पाने के बाद प्रदेश की कांग्रेस सरकार अपने वादों से निभाने से मुकर गई है। प्रदेश के किसान व बेरोजगार युवा लगातार आत्महत्या कर रहे है। प्रदेश में लूट, डकैती, अपहरण, उद्योग का रूप ले लिया है। कांग्रेस पार्टी से लड़कर प्रदेश की कांग्रेस सरकार को जड़ से उखाड़ फेंकेंगे और हम 2023 में निश्चित ही विशाल जनमत के साथ प्रदेश में सरकार बनाएंगे।

भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि बूथों को मजबूत करने का माइक्रो लेवल का कार्यक्रम करना है। आप जितनी गंभीरता से काम करेंगे उतना ही अच्छा रिजल्ट आयेगा कार्य विस्तार योजना प्रमाणिकता का काम है, गुजरात में सबसे पहले यह कार्य सफलतापूर्वक किया जा चुका है और पूरे देश में यह कार्य किया जा रहा है। 30 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के 8 वर्ष पूर्ण होंगे। पिछले 8 वर्षों में संतुलित विकास से देश में चमत्कारिक परिवर्तन हुआ है। सन् 2014 में मोदी जी के प्रधानमंत्री बनने के बाद देश में परिवारवाद, सिफारिश युग का खात्मा हुआ। भाजपा का मतलब राष्ट्र प्रथम, देश हित से समझौता नहीं, भाजपा का मतलब पारदर्शिता के साथ गुड गवर्नेंस व योग्यता को अवसर भाजपा का मतलब सनातन की रक्षा व महापुरुषों का सम्मान। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी के 8 साल के शासन में कितनी आर्थिक व राजनीतिक विपत्तियां आयी लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कुशल नेतृत्व व सूझबूझ से इन विपत्तियों से मुकाबला किया। प्रधानमंत्री मोदी जी ने सुशासन व सेवा को अपनाकर बताया कि भाजपा अन्य राजनीतिक पार्टियों से अलग कैसे है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी कार्यशैली से विश्व पटल पर देश को गौरवान्वित किया।

भाजपा संगठन महामंत्री पवन साय ने संगठनात्मक वृत्त प्रस्तुत करते हुए 1 से 15 जून तक चलने वाले सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण योजना के प्रभारियों को दायित्व सौंपा। उन्होंने कहा कि दशकों पहले जब जनसंघ की स्थापना हुई थी तब की संकल्पना राम मंदिर निर्माण, व धारा 370 समापन अब जा कर पूर्ण हुआ। केन्द्र सरकार के 8 वर्ष के कार्यों को जनता तक रिपोर्ट कार्ड के रूप में बताएं।

उन्होंने केंद्र सरकार की 8 वीं वर्षगांठ मनाने के लिए कार्यक्रमों की जानकारी दी - रिपोर्ट टू नेशन नाम से कार्यक्रम का शुभारंभ (31 मई से 1 जून), जन केंद्रित गतिविधियों के 75 घंटे (1 से 14 जून), बिरसा मुंडा विश्वास रैली और आदिवासी मेला (3 जून से 5 जून), अल्पसंख्यकों के साथ बातचीत (6-8 जून), विकास तीर्थ बाइक रैली (7-13 जून), बाबा साहेब विश्वास रैली और चौपाल बैठक (1-13 जून), गरीब कल्याण जनसभा (1-13 जून) कार्यसमिति में राजनीतिक प्रस्ताव प्रस्तुत हुआ।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री व विधायक नारायण चंदेल ने राजनीतिक प्रस्ताव प्रस्तुत करते हुए कहा कि यह प्रस्ताव प्रदेश सरकार के लिए एक तरह से दर्पण है। प्रदेश में हर तरफ अराजकता की स्थिति है कांग्रेस सरकार इस समय केवल ट्रांसफर, टेंडर, टिकट के मोह में फंसी हुई है इनका जनता से कोई सरोकार नहीं है। राजनीतिक प्रस्ताव का समर्थन पूर्व मंत्री व प्रदेश प्रवक्ता केदार कश्यप ने किया। कार्यसमिति में सांसद अरुण साव व संतोष पाण्डेय ने वृत्त प्रस्तुत किया। कार्यसमिति का संचालन प्रदेश महामंत्री भूपेन्द्र सवन्नी व किरण देव ने किया। इस दौरान प्रदेश कार्यसमिति बैठक में प्रमुख रूप से सांसद, पूर्व सांसद, विधायक, पूर्व विधायक, मोर्चा अध्यक्ष सहित भाजपा प्रदेश पदाधिकारी, कार्यसमिति सदस्य मौजूद रहें।