"पीएम मोदी की सभाओं के लिए विशेष तौर पर बना है वह वाहन, संसाधनों को साझा करना हमारी रणनीति
छत्तीसगढ़ को ATM बनाने वाली कांग्रेस, भाजपा के चुनावी प्रबंधन पर न उठाए सवाल: भाजपा
रायपुर (खबरगली ) भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता उज्ज्वल दीपक ने कांग्रेस द्वारा सोशल मीडिया पर पुडुचेरी के एक चुनावी वाहन को लेकर किए जा रहे दावों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने इसे कांग्रेस की 'झूठ और भ्रम' फैलाने वाली पुरानी राजनीति का हिस्सा बताया।
उज्ज्वल दीपक ने स्पष्ट किया कि भाजपा एक राष्ट्रीय दल है और चुनावी संसाधनों जैसे प्रचार वाहन और तकनीकी टीमों को विभिन्न राज्यों में साझा करना एक सुव्यवस्थित सांगठनिक प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि जिस वाहन पर सवाल उठाए जा रहे हैं, वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभाओं के लिए विशेष रूप से तैयार किया गया एक 'कस्टम कैंपेन व्हीकल' है, जिसका उपयोग देशभर में प्रभावी जनसंपर्क के लिए किया जाता है।
कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली पिछली सरकार के दौरान छत्तीसगढ़ को कांग्रेस का "चुनावी एटीएम" बना दिया गया था, जहाँ से असम और पंजाब जैसे राज्यों के चुनावों के लिए संसाधन भेजे जाते थे। उन्होंने नसीहत दी कि कांग्रेस निराधार आरोप लगाने के बजाय अपनी वित्तीय पारदर्शिता पर जवाब दे।
- Log in to post comments