रायबरेली (खबरगली) रायबरेली जिले में बीती रात भीषण सड़क हादसा हुआ है। जहां डंपर और पिकअप के बीच जोरदार भिड़ंत हुई। हादसे में 3 लोगों की मौके पर ही जान चली गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों की लाश का पंचनामा कर पीएम के लिए भेजा। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।
बता दें कि घटना बांदा-टांडा राष्ट्रीय राजमार्ग पर उस वक्त घटी, जब एक पिकअप जौनपुर से दिल्ली ओर जा रही थी। उसी दौरान गिट्टी ले जा रहे डंपर ने पिकअप को सामने से ठोकर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए। घटना में पिकअप सवार 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं घटना होता देख राहगीरों ने तत्काल हादसे की जानकारी पुलिस को दी।
जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पिकअप को ग्राइंडर से कटवाकर तीनों युवकों की लाश को बाहर निकलवाया और पीएम के लिए भेजा. मृतकों की पहचान विपिन, अखिलेश सरोज और रोहित के रूप में हुई है. पुलिस फरार डंपर चालक की तलाश में जुट गई है। जांच की जा रही है ।जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
- Log in to post comments