राष्ट्रीय भरतनाट्यम प्रतियोगिता में हासिल किया प्रथम स्थान
रायपुर (खबरगली ) नृत्य के प्रति बचपन का लगाव जब समर्पण और निरंतर अभ्यास से मिलता है, तो सफलता की नई ऊंचाइयों का रास्ता खुद-ब-खुद बन जाता है। ऐसी ही एक प्रेरणादायक कहानी है रायपुर की युवा नृत्यांगना तमन्ना बेउरा की, जिन्होंने अपने जुनून को लक्ष्य बनाकर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। तमन्ना बताती हैं कि बचपन से ही उन्हें नृत्य के प्रति गहरा आकर्षण था, जिसने उन्हें शास्त्रीय नृत्य भरतनाट्यम की ओर प्रेरित किया। अपनी गुरु सुनीता सिंह के मार्गदर्शन में उन्होंने नृत्य की बारीकियां, अनुशासन और भाव-भंगिमाओं का गहन प्रशिक्षण प्राप्त किया। तमन्ना अपनी इस सफलता का पूरा श्रेय अपनी गुरु और अपने माता-पिता के निरंतर सहयोग को देती हैं।
कठिन साधना से मिली सफलता
अपनी कला को निखारने के लिए तमन्ना प्रतिदिन 2 से 3 घंटे कड़ा अभ्यास करती हैं। प्रतियोगिताओं के दौरान यह समय और भी बढ़ जाता है। उनकी इसी मेहनत का परिणाम है कि हाल ही में रायपुर में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की भरतनाट्यम प्रतियोगिता "नटरंग महोत्सव" में उन्होंने प्रथम स्थान प्राप्त कर शहर का नाम रोशन किया है। इससे पहले भी वे स्कूली स्तर पर कई पुरस्कार जीत चुकी हैं।
भविष्य का लक्ष्य
तमन्ना का सपना एक सफल नृत्यांगना बनकर देश-विदेश में भारतीय शास्त्रीय नृत्य की विरासत को और मजबूत करना है। वे नृत्य को ही अपना करियर बनाना चाहती हैं और अपनी कला के जरिए भारतीय संस्कृति को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाने के लिए संकल्पित हैं।
- Log in to post comments