कई आईजी समेत 25 जिलों के एसपी बदले
अमरेश मिश्रा रायपुर आईजी तो संतोष सिंह रायपुर के नए एसपी बने
रायपुर (khabargali) मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने छत्तीसगढ़ में बजट सत्र से ठीक कुछ घंटे पहले पुलिस महकमे में बड़ा बदलाव करते हुए भारतीय पुलिस सेवा के 45 अधिकारियों और राज्य पुलिस सेवा के एक अधिकारी का तबादला कर दिया। इस फेरबदल में 25 जिलों के पुलिस अधीक्षक व कई पुलिस रेंज के आईजी प्रभावित हुए हैं।
गृह विभाग द्वारा सोमवार तड़के जारी एक आदेश के अनुसार पिछली सरकार में लूपलाइन में रहे अफसरों को बड़ी जिम्मेदारी दी गई वहीं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली पिछली कांग्रेस सरकार के करीबी और कई दागी अफसरों को इस सूची में किनारे लगा दिया गया है।
अब ये पुलिस महानिरीक्षक यहां पदस्थ
आदेश के मुताबिक हाल ही में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से लौटे 2005 बैच के आईपीएस अधिकारी अमरेश मिश्रा को रायपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) के पद पर तैनात किया गया है। रायपुर के चंद्रखुरी स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस राज्य पुलिस अकादमी के निदेशक के पद पर तैनात रतनलाल डांगी को रायपुर रेंज (केवल रायपुर जिला क्षेत्राधिकार) के आईजी के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त किया गया है। आनंद छाबड़ा, अजय कुमार यादव और बद्रीनारायण मीणा को नवा रायपुर स्थित पुलिस मुख्यालय में पुलिस महानिरीक्षक के पद पर तैनात किया गया है। पुलिस मुख्यालय में पदस्थ संजीव शुक्ला को बिलासपुर रेंज का पुलिस महानिरीक्षक बनाया गया है। रायपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक(रायपुर रेंज को छोड़कर) शेख आरिफ हुसैन को पुलिस महानिरीक्षक(उत्तर क्षेत्र) छसबल सरगुजा के पद पर पदस्थ किया गया है। छसबल बस्तर क्षेत्र जगदलपुर में पदस्थ उप पुलिस महानिरीक्षक बीएस ध्रुव को उप पुलिस महिानरीक्षक छसबल पुलिस मुख्यालय रायपुर के पद पर पदस्थ किया गया है।
ये पुलिस कप्तान यहां पदस्थ
बिलासपुर जिले के पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात 2011 बैच के आईपीएस अधिकारी संतोष सिंह को रायपुर का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। रायपुर के पुलिस अधीक्षक प्रशांत अग्रवाल को बस्तर क्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक (सीएएफ) के पद पर तैनात किया गया है। दुर्ग जिले के पुलिस अधीक्षक रामगोपाल को प्रभारी पुलिस महिानरीक्षक दुर्ग की जिम्मेदारी दी गई है। बलौदाबाजार के पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार झा को प्रभारी पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव के पद पर पदस्थ किया गया है। दंतेवाड़ा की 9वीं टुकड़ी के कमांडेंट के पद पर तैनात अजातशत्रु बहादुर सिंह को रायपुर के आतंकवाद रोधी दस्ते (एटीएस) के एसपी के पद पर तैनात किया गया है। बालाजी सोमावर को उप पुलिस अधीक्षक पुलिस मुख्यालय नवा रायपुर, पारूल माथुर को उप पुलिस महानिरीक्षक पुलिस मुख्यालय, केएल ध्रुव को उप पुलिस महानिरीक्षक कांकेर रेंज कांकेर, सदानंद कुमार को पुलिस अधीक्षक बलौदाबाजार, गिरिजा शंकर जायसवाल को पुलिस अधीक्षक मुंगेली तथा एमआर अहिरे को पुलिस अधीक्षक बिलासपुर के पद पर पदस्थ किया गया है। सूरजपुर के पुलिस अधीक्षक इंदिरा कल्याण एलेसेला को कांकेर जिले का पुलिस कप्तान बनाया गया है। धमतरी जिले के पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ठाकुर को सेनानी 5वीं वाहिनी छसबल जगदलपुर छत्तीसगढ़ के पद पर पदस्थ किया गया है। सेनानी 9वीं वाहिनी दंतेवाड़ा को पुलिस अधीक्षक एटीएस रायपुर के पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सारंगढ़-बिलाईगढ़ के पुलिस अधीक्षक आशुतोष सिंह को महासमुंद का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। राज्यपाल के परिसाय विवेक शुक्ला को पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा के पद पर पदस्थ किया गया है। सेनानी 5वीं वाहिनी छसबल जगदलपुर तथा अतिरिक्त प्रभारी पुलिस अधीक्षक जगदलपुर शशिमोहन सिंह को जशपुर जिले के पुलिस अधीक्षक के पद पर पदस्थ किया गया है। जांजगीर-चांपा के पुलिस अधीक्षक को सरगुजा जिले का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। सेनानी 13वीं वाहिनी छसबल कोरबा रामकृष्ण साहू को पुलिस अधीक्षक बेमेतरा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कोरबा के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र शुक्ला अब दुर्ग जिले के पुलिस अधीक्षक बनाए गए हैं। दिव्यांग कुमार पटेल को कांकेर की जगह रायगढ़ जिले का पुलिस अधीक्षक पदस्थ किया गया गया है। पीएचक्यू में एआईजी शलभ कुमार सिनह को पुलिस अधीक्षक जगदलपुर के पद पर पदस्थ किया गया है। चंद्रमोहन सिंह को मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, भावना गुप्ता को पुलिस अधीक्षक गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, सूरज सिंह को पुलिस अधीक्षक कोरिया, सिद्धार्थ तिवारी को पुलिस अधीक्षक कोरबा व त्रिलोक बंसल को पुलिस अधीक्षक खैरागढ़-छुईखदान-गंडई की जिम्मेदारी दी गई है। सरगुजा के पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा का एआईजी पुलिस मुख्यालय रायपुर में पदस्थ किया गया है। जितेंद्र कुमार यादव को पुलिस अधीक्षक बीजापुर, आंजनेय वाष्र्णेय को पुलिस अधीक्षक धमतरी तथा अंकिता शर्मा को पुलिस अधीक्षक सक्ती व पुष्कर शर्मा को पुलिस अधीक्षक सारंगढ़-बिलाईगढ़ के पद पर पदस्थ किया गया है। योगेश कुमार पटेल को सेनानी 4थीं वाहिनी छसबल माना रायपुर, प्रभात कुमार को पुलिस अधीक्षक नारायणपुर, रजनेश सिंह को पुलिस अधीक्षक बिलासपुर, धर्मेंद्र सिंह छवई को एआईजी पुलिस मुख्यालय रायपुर तथा सरजूराम भुगत को पुलिस अधीक्षक बालोद का जिम्मा दिया गया है।
काबरा एडीजी पीएचक्यू व रविशंकर अतिरिक्त परिवहन आयुक्त
परिवहन आयुक्त के पद पर तैनात 1997 बैच के आईपीएस अधिकारी दीपांशु काबरा की सेवाएं परिवहन विभाग से वापस लेते हुए उन्हें नवा रायपुर स्थित पुलिस मुख्यालय में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक के पद पर तैनात किया गया है। वहीं, जशपुर के पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी संभाल रहे डी. रविशंकर की सेवाएं परिवहन विभाग को सौंपते हुए उन्हें अतिरिक्त परिवहन आयुक्त रायपुर के पद पर पदस्थ किया गया है।
- Log in to post comments