बड़ी खबर: नक्सलियों की मांद टेकलगुड़ेम में गश्त कर रही फोर्स पर बड़ा हमला , 3 जवान शहीद, डिप्टी कमांडेंट सहित 14 अन्य घायल

Big news, big attack on the force patrolling in Naxalite den Tekalgudem, 3 soldiers martyred, 14 others including Deputy Commandant injured, firing for more than five hours, Naxalites fired more than 300 indigenous RPGs, Chhattisgarh's Maoist dominated Sukma and  Tekalguda village, border area of ​​Bijapur district, martyr constable Devan C., 201 Cobra, constable Pawan Kumar, 201 Cobra, constable Lambdhar Sinha, 150 CRPF., Khabargali.

पांच घंटे से ज्यादा समय तक फायरिंग, नक्सलियों ने 300 से ज्यादा देसी आरपीजी दागे

मुठभेड़ में बड़ी संख्या में नक्सलियों के घायल और मारे जाने की भी खबर

सुकमा/रायपुर (khabargali) छत्तीसगढ़ के माओवादी बहुल सुकमा और बीजापुर जिले के सीमावर्ती क्षेत्र टेकलगुडेम गांव में नया कैंप स्थापित करने पहुंची फोर्स पर बौखलाए नक्सलियों ने मंगलवार दोपहर को भीषण हमला किया। कैंप स्थापित करने के बाद आसपास के इलाके में सर्चिंग पर निकली फोर्स पर पांच घंटे से ज्यादा वक्त लगातार नक्सली गोलीबारी करते रहे और 250 से ज्यादा देसी ग्रेनेड लांचर (बीजीएल) दागे। इसमें सीआरपीएफ और एंटी नक्सल फोर्स कोबरा के 3 जवान शहीद हो गए और अन्य 14 जवान घायल बताए जा रहे हैं।

पुलिस कैंप की कार्डन ड्यूटी में तैनात डीआरजी, कोबरा और एसटीएफ के जवानों के साथ हुए भीषण मुठभेड़ में बड़ी संख्या में नक्सलियों के घायल और मारे जाने की भी खबर है। घायल जवानों की गंभीर हालत को देखते हुए सभी को बेहतर इलाज के लिए हेलीकॉप्टर से रायपुर भेज दिया गया। टेकलगुड़ा वही इलाका है जहां 2021 में नक्सली एंबुश में डीआरजी के 22 जवान शहीद हो गए थे।

नक्सलियों ने 300 से ज्यादा दागे बीजीएल

 टेकलगुडेम में स्थापित नए पुलिस कैंप पर हमला कर लूटने की योजना के साथ 250 से ज्यादा हथियारबंद नक्सली यहां पहुंचे थे। मंगलवार दोपहर करीब 12.30 बजे शुरू हुई मुठभेड़ शाम 4 बजे तक चलती रही। नक्सली पूरी तैयारी के साथ भारी असला बारूद लेकर पहुंचे थे। मुठभेड़ के दौरान नक्सलियों द्वारा 300 से ज्यादा बीजीएल शेल दागे गए।

एक माह के भीतर दूसरा बड़ा हमला

 बीते 16 जनवरी को 400 ज्यादा माओवादियों ने सुकमा और बीजापुर जिले की सरहद पर स्थित धर्मावरम पुलिस कैंप पर हमला कर दिया था। नक्सली घास से बनी विशेष पोशाक को धारण कर कैंप लूटने पहुंचे थे। हालांकि सुरक्षाबलों की सतर्कता के कारण बड़ी घटना होने से बच गई।

ये हुए शहीद

1. आरक्षक देवन सी., 201 कोबरा, 2. आरक्षक पवन कुमार, 201 कोबरा, 3. आरक्षक लाम्बधर सिन्हा, 150 सीआरपीएफ।

ये हुए घायल

 1. लखवीर, डिप्टी कमांडेंट, 2. राजेश पंचाल, असिस्टेंट कमांडेंट 3. खेडकर रामदास, प्रधान आरक्षक 4. अखिलेश यादव, प्रधान आरक्षक 5. हरेन्द्र सिंह, प्रधान आरक्षक 6. मोहम्मद ईरफान, प्रधान आरक्षक 7. गोपीनाथ बासुमताढ़ी, आरक्षक 8. मनोज नाथ, आरक्षक 9. विकास कुमार, आरक्षक 10. बेनूधर साहू, आरक्षक 11. टी. मधुकुमार, आरक्षक 12. मलकित सिंह, आरक्षक 13. ई. वेंकटेश, आरक्षक 14. अविनाश शर्मा, आरक्षक 15. राउत ओमप्रकाश, आरक्षक.

 मुख्यमंत्री साय ने घायल जवानों के उचित इलाज के दिये निर्देश

 मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सुकमा जिले के जगरगुंडा थाने के टेकलगुड़ेम में नक्सलियों और सुरक्षा बल के जवानों के बीच हुए मुठभेड़ में 3 जवानों की शहादत को नमन किया है। उन्होंने शहीद जवानों के परिवारजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि पूरा प्रदेश शहीद जवानों के परिवारजनों के साथ है। इस घटना में घायल जवानों के बेहतर इलाज के निर्देश अधिकारियों को दिये। मुख्यमंत्री ने कहा कि आम जनता तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के लिए शासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने नये कैंप बनाये जा रहे हैं, जिससे नक्सली बौखलाये हुए हैं और कायराना हरकत कर रहे हैं। हम हर स्थिति में अपने जवानों के साथ मजबूती से खड़े हैं। हम माओवादी आतंकवाद के खिलाफ अपनी लड़ाई दृढ़ता से जारी रखेंगे।