रायपुर (khabargali) कांग्रेस पार्टी ने नगरीय निकाय चुनावों के लिए तीस बिंदुओं के आधार पर अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। जिन निकायों में चुनाव हो रहे हैं वहां की जनता को आवश्यक और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का वादा किया गया है। शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम,मंत्री रविंद्र चाैबे, और घोषणा पत्र समिति के प्रमुख,मंत्री मोहम्मद अकबर ने घोषणा पत्र जारी किया।
ये है कांग्रेस के चुनावी वादे
1. आवासीय भूमि का पट्टा प्रदान किया जाएगा तथा पट्टाधारी व्यक्तियों के काबिज संलग्न अतिरिक्त भूमि का व्यवस्थापन किया जाएगा।
2. सभी नगरीय निकायों में भवन लाइसेंस की ऑनलाइन स्वीकृति प्रदान की जाएगी।
3. शहर के घने बसाहट वाले क्षेत्रों में बसे बाजारों को शहर की बाहरी सीमाओं में बसाने पर काम होगा।
4. भवन लाइसेंस प्रक्रिया का सरलीकरण करने हेतु भूमि विकास नियम में संशोधन किया जाएगा।
5. 1 दिसंबर 2021 तक हुए कंस्ट्रक्शन के कार्यों का नियमितीकरण किया जाएगा।
6. जमीन की कीमतों को अफोर्डबल करने एवं व्यवस्थित शहरों के विकास हेतु शहरो में एफ.ए.आर बढ़ाया जाएगा।
7. नगरीय निकायों की संपत्ति को ‘फ्री होल्ड’ करने की कारवाई की जाएगी।
8. पूर्व में दिए गए पट्टों का अधिपत्य के आधार पर व्यवस्थापन रियायती दरों पर किया जाएगा।
9. सभी लोगों को राशन कार्ड उपलब्ध कराया जाएगा।
10. प्रत्येक शहर में मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत मोबाइल मेडिकल यूनिट का विस्तार करते हुए घर पहुंच स्वास्थ्य सेवा मुहैया कराया जाएगा।
11. श्री धन्वंतरी जेनेरिक मंडिकल स्टोर योजना का विस्तार सभी निकायों में किया जाएगा।
12. डायग्नोस्टिक और पैथोलॉजी सेवा के लिए सिटी डायग्नोस्टिक सेंटर शुरू किए जाएंगे।
13. 100 प्रतिशत घरों में शुद्ध पानी के कनेक्शन की व्यवस्था।
14. धूल और मच्छर से मुक्ति के लिए सभी शहरों में मलबा एवं नाली प्रबंधन की योजना ।
15. मोहल्ले में छोटे-छोटे चिल्ड्रन पार्क कम ओपन जिम की स्थापना की जाएगी।
16. राज्य प्रवर्तित योजनाओं के महत्वपूर्ण कार्यों मुक्तिधाम, कब्रिस्तान, सौंदर्यीकरण, तालाब जिर्णोद्धार, गार्डन निर्माण का काम किया जाएगा।
17. सामुदायिक भवन निर्माण को भी राज्य प्रवर्तित योजनाओं में शामिल किया जाएगा।
18. स्वावलंबन योजना के अंतर्गत दुकानों का निर्माण किया जाएगा तथा स्मार्ट गुमटी कम दरों पर उपलब्ध करायी जाएगी।
19. महिलाओं के स्वावलंबन हेतु महिला समृद्धि बाजार बनाये जाएंगे।
20. फुटकर व्यापारियों एवं ठेले खोमचे वालों को वेंडर पॉलिसी के तहत लाइसेंस दिया जाएगा।
21. नगरीय निकाय क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइट्स लगाई जाएंगी।
22. मुख्य बाजार में व्यापारिक क्षेत्रों में पुरुषों- महिलाओं के लिए आधुनिक शौचालय का निर्माण किया जाएगा।
23. शहरों के महत्वपूर्ण स्थलों में महिलाओं हेतु विशेष शौचालय ‘पिंक टॉयलेट’ का निर्माण किया जाएगा।
24. शहरीय क्षेत्रों में चॉइस सेंटर स्थापित किए जाएगें।
25. नगरीय प्रशासन विकास विभाग का एस.ओ.आर तैयार किया जाएगा। इससे निर्माण कार्यों में तेजी आएगी।
26. अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ शासकीय शालाओं को डेवलप किया जाएगा।
27. आम नागरिकों को स्वास्थ्य कार्ड प्रदान किया जाएगा।
28. कौशल विकास योजना अंतर्गत स्वरोजगार प्राप्ति हेतु विशेष अभियान चलाया जाएगा।
29. आबादी भूमि पर काबिज लोगों को मालिकाना हक दिया जाएगा।
30, स्व रोजगार को बढ़ावा देने स्थानीय सामानों का विक्रय करने एवं महिला सशक्तिकरण हेतु सभी शहरों में’ सी मार्ट’ की स्थापना की जाएगी।
- Log in to post comments